बरेली। हवलदार अब्दुल हमीद इंटर कॉलेज वाहनपुर में शुक्रवार को 70वीं मंडलीय विद्यालयीय तीरंदाजी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में बरेली और शाहजहांपुर के खिलाड़ी छाए रहे। सबसे ज्यादा पदक इन्हीं दो जिलों की झोली में आए।
क्रीड़ा प्रभारी रोहित कुमार सिंह ने बताया कि अंडर-14 बालिका इंडियन राउंड में बरेली की वर्षा ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए पहला स्थान हासिल किया। शाहजहांपुर की आराध्या दूसरे स्थान पर रहीं। इसी आयुवर्ग के बालक इंडियन राउंड में शाहजहांपुर के ऋषभ सिंह प्रथम, साहिल सिंह द्वितीय तथा अंकुल कुमार तृतीय स्थान पर रहे।
अंडर-17 बालिका वर्ग में बरेली की सलोनी ने पहला स्थान हासिल किया। शाहजहांपुर की आरती वर्मा द्वितीय और दिव्या तृतीय स्थान पर रहीं। अंडर-17 बालक वर्ग में बरेली के कृष्णा सिंह प्रथम, बरेली के ही मोहित द्वितीय और बदायूं के अभिषेक तृतीय स्थान पर रहे।
अंडर-17 बालक रिकर्व राउंड में बदायूं के विग्नेश ने पहला तथा बरेली के नैतिक सिंह ने दूसरा स्थान हासिल किया। वरिष्ठ वर्ग के अंडर-19 बालिका इंडियन राउंड में बरेली की शशि ने प्रथम स्थान हासिल किया। शाहजहांपुर की कृष्णा द्वितीय और ऋतुभरा तृतीय स्थान पर रहीं। अंडर-19 बालक इंडियन राउंड में शाहजहांपुर के शौर्य सक्सेना प्रथम, विपुल सिंह द्वितीय और कृष्णा वाजपेयी तृतीय स्थान पर रहे।
मेडल पहनाकर किया सम्मानित
प्रतियोगिता का शुभारंभ विद्यालय के प्रधानाचार्य हरिओम ने सभी प्रतिभागी टीमों के खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया। समापन व पुरस्कार वितरण समारोह में प्रधानाचार्य ने सभी विजेता एवं उपविजेता खिलाड़ियों को मेडल पहनाकर सम्मानित किया गया। केशव देव के अनुसार प्रतियोगिता में चयनित सभी विजेता खिलाड़ी 17 से 19 अगस्त तक सोनभद्र में आयोजित होने वाली 70वीं प्रदेशीय विद्यालयीय तीरंदाजी प्रतियोगिता में बरेली मंडल का प्रतिनिधित्व करेंगे।