बरेली से बदायूं होते हुए मेरठ तक फोरलेन को प्रदेश सरकार ने टुकड़ों में बनाने की मंजूरी दे दी है। इसके लिए पहले फेज में 1.10 अरब रुपये का बजट भी रिलीज कर दिया है। जिसके आधार पर फोरलेन बनाने का काम तेजी से शुरू कराने के निर्देश दिए हैं। अवशेष राशि विभिन्न फेज में रिलीज कर दी जाएगी।
प्रमुख सचिव लोक निर्माण ने कहा है कि बरेली से बदायूं तक फोरलेन का निर्माण हो चुका है। बदायूं से संभल तक सड़क का निर्माण इसी माह शुरु हो जाएगा। इसके लिए मिले 1.10 अरब रुपये से निर्माण और कुछ हिस्से में जमीन का अधिग्रहण होगा। उसके बाद संभल से नरौरा होते हुए बुलंदशहर तक सड़क को फोरलेन बनाया जाएगा। उसके बाद तो मेरठ तक के लिए नेशनल हाईवे की फोरलेन रोड मौजूद है। फोरलेन होने के बाद बरेली से मेरठ तक जाने वालों के लिए यह रूट मुरादाबाद होकर मेरठ जाने के रूट से कम दूरी का होगा। इसमें टैक्स भी अदा नहीं करना होगा, अन्यथा चार टोल प्लाजा पर टैक्स अदा करना होगा।
महाप्रबंधक रोडवेज ने एक अन्य आदेश में बदायूं में रोडवेज वर्कशाप को हरी झंडी दे दी है। इसका निर्माण कराने के लिए प्रक्रिया शुरु हो गई है। संकेत मिले हैं कि मुख्यमंत्री अखिलेश यादव से इस माह या फिर अगले माह के पहले सप्ताह में प्रस्तावित भ्रमण के दौरान शिलान्यास कराया जा सकेगा। सेंट्रल जेल की जमीन में नए बस अड्डे का प्रस्ताव तैयार करके डीएम ने महानिदेशक कारागार को मंजूरी के लिए भेज दिया है। वहां से अनुमति मिलने के बाद नए बस अड्डे की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी।