होली का जुलूस और जुमे की नमाज एक ही दिन है। इस दौरान किसी तरह से कानून व्यवस्था न बिगड़े इसके लिए पीस कमेटी की बैठक में जुमे की नमाज के समय में बदलाव करने पर सहमति बनी है। सभी मस्जिद के इमाम होली के जुलूस को ध्यान में रखकर नमाज का समय तय करेंगे।
मंगलवार को पुलिस लाइन के रविंद्रालय सभागार में एडीजी रमित शर्मा की अध्यक्षता में पीस कमेटी की बैठक रही। इसमें आईजी पुलिस डॉ. राकेश कुमार सिंह, डीएम रविंद्र कुमार, एसएसपी अनुराग आर्य के अलावा मंडलायुक्त सौम्या अग्रवाल मौजूद रहीं।
एडीजी ने बरेली में सौहार्द को ध्यान में रखते हुए होली और जुमा एक ही दिन होने पर नमाज का समय थोड़ा देर से करने और जुलूस का समय थोड़ा जल्दी करने के लिए कहा। इसे स्वेच्छा से मान लिया गया। एडीजी ने कहा कि जुलूस में डीजे की आवाज तेज न रखें।