साक्ष्य के साथ संदिग्ध भी मिले, मुख्य आरोपी और माल बरामदगी शेष, चोरों का होगा कोरोना टेस्ट
बरेली। सुभाष नगर के गहन सुरक्षा वाले सील इलाके में कोरोना संक्रमित के बंद घर में हुई लाखों की चोरी खुलने का रास्ता बन गया है। पुलिस और क्राइम ब्रांच की संयुक्त टीम को साक्ष्य व संदिग्ध मिल गए हैं। मुख्य आरोपी और चोरी गए माल की तलाश में टीमें दबिश दे रही हैं।
13 अप्रैल को दोपहर बाद पुलिस को जानकारी मिली कि अस्पताल में भर्ती कोरोना संक्रमित परिवार के घर के ताले तोड़कर चोरी कर ली गई। शाम को लौटे दंपति ने सैनिटाइज कराकर घर में प्रवेश किया। यहां पता लगा कि करीब 13 लाख के जेवर समेत 14 लाख का माल चोरी कर लिया गया है। घर की चाबी सामने रहने वाले उनके ताऊ के पास थी, बावजूद चोरों ने ताले तोड़कर माल समेट लिया था। इसके बाद से पुलिस की टीमें धरपकड़ में जुटी थीं। अंदरूनी इलाके के ही करीब बीस शातिरों से पूछताछ की गई। अब पांच दिन बाद टीमों को सफलता मिली है। पकड़े गए कुछ लोगों ने घटनाक्रम के बारे में पुलिस टीमों को बताया है। सभी आरोपी सील इलाके के अंदर के ही बताए जा रहे हैं। मुख्य आरोपी और माल की तलाश शेष है। एसपी सिटी रविंद्र कुमार ने बताया कि जल्दी ही घटना खुलने की उम्मीद है। स्वास्थ्य विभाग की टीम से पुलिस पकड़े जाने वाले आरोपियों का कोरोना संबंधी टेस्ट भी कराएगी।