स्पेन की टेल्गो ट्रेन का बरेली से मुरादाबाद के बीच आज ट्रायल पूरा हो गया। आरडीएसओ की टीम ने पहले फेज के इस ट्रायल को सफल बताया है। जिसकी विस्तृत तकनीकी रिपोर्ट रेलवे बोर्ड को भेज दी गई है, जिसके आधार पर आरडीएसओ के विशेषज्ञों की टीम विस्तार से पहले, दूसरे और तीसरे फेज के ट्रायल का अध्ययन करेगी। उसी के बाद फाइनल रिपोर्ट के आधार पर इस ट्रेन के कोच या फिर तकनीक खरीदने के बारे में केंद्र सरकार और टेल्गो के बीच फैसला होगा। पहले फेज के ट्रायल में यह ट्रेन बरेली से मुरादाबाद के बीच 115 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार तक चली। इस संचालन को एनईआर, एनआर तथा आरडीएसओ की तकनीकी टीम ने हर दृष्टि से सफल बताया है। 27 मई से ट्रेन का ट्रायल शुरू होकर बुधवार को आठ जून को पूरा हुआ। इस बीच पांच जून को ट्रेन का संचालन नहीं हुआ था। टेल्गो की तकनीकी अधिकारी सुश्री इलीना ने बताया कि रेलवे की ओर से फिलहाल 12 जून से दूसरे फेज का ट्रायल प्रस्तावित है। यह ट्रायल तय तारीख से होगा या फिर उसमें कुछ बदलाव होगा, इस बारे में इंडियन रेलवे के अधिकारी बताएंगे लेकिन टेल्गो की ओर से तो तय तिथि से ट्रायल की पूरी तैयारी है।