नवंबर महीने में राजस्व और विकास कार्यों के प्रगति को लेकर सीएम डैशबोर्ड पर हुई समीक्षा में बरेली जिले की रैंकिंग काफी खराब आई है। जिला 17 पायदान नीचे खिसककर प्रदेश सूची में 20वें स्थान पर पहुंच गया है। अक्तूबर में जिले का स्थान तीसरा था। नवंबर की समीक्षा में पहले स्थान पर शाहजहांपुर, दूसरे पर हरदोई और तीसरे नंबर पर श्रावस्ती है। जबकि, अक्तूबर की रैंकिंग में शाहजहांपुर पांचवें स्थान पर था।
बुधवार को जारी हुई रैंकिंग में सबसे खराब स्थिति विकास विभाग की पाई गई है। अक्तूबर की रैंकिंग में विकास कार्यक्रमों के मामले में जिला प्रदेश की सूची में तीन नंबर पर था, जो अब 52वें नंबर पर खिसक गया है। विकास कार्यक्रमों की रैंकिंग गिरने का कारण कई अधिकारियों की खराब कार्यशैली है। इसमें सिंचाई विभाग, समाज कल्याण व अन्य कई विभाग शामिल बताए जा रहे हैं। बुधवार देर शाम डीएम अविनाश सिंह ने सभी अधिकारियों को तलब कर समीक्षा बैठक भी की है। इसमें उन्होंने संबंधित अधिकारियों की कार्यशैली पर कड़ी नाराजगी जताई है। जवाब-तलब भी किया जा रहा है।