मुख्तार अंसारी के साम्राज्य को ध्वस्त करने के लिए चर्चा में रहे एसएसपी अनुराग आर्य एक बार फिर सीएम योगी की गुड लिस्ट में शामिल हुए हैं। बरेली में चार्ज लेने के बाद उन्होंने शाही थाना क्षेत्र के चर्चित सीरियल किलिंग मामले का खुलासा किया। शाही और शीशगढ़ थाना क्षेत्र में साल भर में करीब 11 महिलाओं की हत्या की गई थी। इनका खुलासा बरेली पुलिस के लिए चुनौती बना हुआ था।
प्रभाकर चौधरी और सुशील घुले चंद्रभान जैसे चर्चित आईपीएस भी बरेली एसएसपी रहते इन घटनाओं का खुलासा नहीं कर सके थे। सएसपी के तौर पर बरेली में जिम्मेदारी संभालने के बाद अनुराग आर्य ने इसे चुनौती के रूप में लिया और नवाबगंज के निवासी कुलदीप गंगवार को गिरफ्तार कर छह घटनाओं का खुलासा कर दिया।
पहले हो चुके बाकी तीन खुलासों में भी कुलदीप की भूमिका की जांच हो रही है। एसएसपी ने विधिक साक्ष्यों के साथ नवीवतम तकनीक का इस्तेमाल कर यह खुलासा किया है जो पूरे प्रदेश में चर्चा का विषय बना है। स्वतंत्रता दिवस के दिन अनुराग आर्य को मुख्यमंत्री उत्कृष्ट सेवा पुलिस पदक सम्मान दिए जाने के लिए चयनित किया गया है।
इस पर बरेली जोन के एडीजी रमित शर्मा और बरेली रेंज के आईजी डॉ. राकेश कुमार सिंह ने भी खुशी जाहिर की है। इन दोनों अधिकारियों ने भी खुलासे के बाद एसएसपी अनुराग आर्य की तारीफ कर शासन से उन्हें पुरस्कृत करने को संस्तुति की थी।
एसटीएफ इंस्पेक्टर को वीरता पदक, दरोगा को प्रशंसा चिह्न
बरेली एसटीएफ के इंस्पेक्टर राकेश कुमार सिंह चौहान को भारत सरकार के वीरता पदक के लिए चुना गया है। नोएडा में तैनाती के दौरान एक लाख रुपये के इनामी बदमाश मेहरबान को मुठभेड़ में मार गिराने के लिए यह पदक दिया जा रहा है। दरोगा राशिद अली को डीजीपी का सिल्वर डिस्क दिया जाएगा। राशिद अली को संगठित अपराध के खिलाफ काम करने के लिए प्रशंसा चिह्न मिला है।
अग्निशमन सेवा के सात पुलिसकर्मी सम्मानित
अग्निशमन व आपात सेवा में नियुक्त बरेली के दो कर्मियों को रजत प्रशंसा चिह्न (सिल्वर मेडल) से सम्मानित किया गया। इनमें फायर सर्विस चालक प्रेम सिंह, योगेश कुमार शामिल हैं। डीजी अग्निशमन ने पांच दमकलकर्मियों को प्रशस्तिपत्र दिया है। इनमें अग्निशमन द्वितीय अधिकारी योगेश कुमार, लीडिंग फायरमैन विनोद कुमार, फायर सर्विस चालक राम सुभाष अग्निहोत्री, फायरमैन कमल कुमार शर्मा और कुक प्रमोद कुमार शामिल हैं।