बरेली। मतदाता जागरूकता के लिए स्पोर्ट्स स्टेडियम में बैंक ऑफ बड़ोदा के सहयोग से चल रहे अंडर-16 बीडीए क्रिकेट टूर्नामेंट 2022 का फाइनल मुकाबला बरेली राइडर्स ने जीत लिया। इसके बाद बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को सम्मान से नवाजा गया।
रविवार को फाइनल मैच बरेली राइडर्स और बरेली टाइगर्स के बीच खेला गया। मैच से पहले स्वर कोकिला लता मंगेशकर के निधन पर शोकसभा की गई। खिलाड़ियों ने लता दीदी को श्रद्धांजलि दी। इसके बाद बरेली राइडर्स ने टॉस जीतकर पहले फील्डिंग का फैसला किया। बरेली टाइगर्स ने 20 ओवरों में सभी विकेट खोकर 116 रन बना पाई। इसमें सर्वाधिक अनुराग ने 52 और आर्यन के 18 रन बनाए। बरेली राइडर्स के लिए रंजीत और अदीब खान ने एक-एक विकेट लिए। फिर बल्लेबाजी करते हुए बरेली राइडर्स ने 19वें ओवर में दो विकेट खोकर जीत हासिल कर ली। राइडर्स की ओर से लक्ष्य ने सर्वाधिक 54 और आरिश ने 12 रन बनाए। बेहतर प्रदर्शन के लिए लक्ष्य शर्मा को मैन ऑफ द मैच से नवाजा गया। अभिषेक मौर्य को बेस्ट बॉलर और मुहम्मद आरिश को मैन ऑफ टूर्नामेंट चुना गया। पुरस्कार वितरण में मुख्य अतिथि बैंक ऑफ बड़ोदा के रंजीव बंसल, विशिष्ट अतिथि दीपक पंत, क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी जितेंद्र यादव समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे। टूर्नामेंट आयोजक नितेश भारद्वाज ने सभी का आभार व्यक्त कर टूर्नामेंट के समापन की घोषणा की।