कुत्तों और बंदरों का आतंक
वार्ड के कई मोहल्लों में कुत्तों व बंदरों का आतंक भी है। कुत्तों का झुंड अक्सर गलियों में दिखाई देता है। कई बार कुत्तों के हमले की घटनाएं भी हो चुकी हैं, निगम से भी इस संबंध में कई बार शिकायत की जा चुकी है लेकिन अभी तक कोई समाधान नहीं निकला। निगम को जल्द ही यहां से कुत्तों को पकड़वाना चाहिए। कार्यक्रम के दौरान रोहताश गुप्ता, अशोक गुप्ता, दीन दयाल मौर्य, सुधीर अग्रवाल, रीता अग्रवाल आदि मौजूद रहे।
सड़क पर अतिक्रमण
अमित गुप्ता ने बताया कि वार्ड 55 में शहर की पॉश कॉलोनियां आती हैं लेकिन उसके बाद भी यहां पर सुविधाओं का अभाव है। कई जगह की सड़कें टूटी है इन्हें ठीक कराना चाहिए। हर्ष चौहान ने बताया कि सड़कों पर कई जगह अतिक्रमण कर लिया गया है, जिससे वहां से निकलने में परेशानी का सामना करना पड़ता है, पुलिस चौकी से लेकर पुल की ओर जाने वाला रोड बहुत व्यस्त रहता है जिससे लोगों को परेशानी होती है। मृदुल गंगवार ने बताया कि गर्मी बढ़ने की वजह से मच्छर का प्रकोप ज्यादा बढ़ गया है, वार्ड की सभी कॉलोनियों में नियमित फॉगिंग करानी होगी जिससे मच्छर का प्रकोप कम हो सके।
पार्षद नवल किशोर मौर्य ने बताया कि वार्ड में 12 करोड़ रुपये से विकास के कार्य हो रहे हैं। कई जगह रोड़ का निर्माण चल रहा है तो कहीं निर्माण शुरू होने वाला है। मच्छरों के लिए निगम से कहकर फॉगिंग कराई जाएगी। वार्ड के पुलिस चौकी से नाले की शुरुआत हो चुकी है जिससे जल भराव से मुक्ति मिलेगी।