कोर्ट से बी वारंट लेकर बरेली लाए जाएंगे आरोपी, कस्टडी रिमांड लेकर होगी पूछताछ
बरेली। अभिनेत्री दिशा पाटनी के घर पर फायरिंग के मामले में बरेली पुलिस ने दिल्ली में दस्तक दी है। मुकदमे के विवेचक गौरव अत्री ने वहां दोनों नाबालिग आरोपियों के बयान दर्ज किए हैं।
सदर कोतवाल अमित पांडेय ने बताया कि विवेचक को पता लगा है कि दिल्ली पुलिस की प्रारंभिक जांच में दोनों आरोपी नाबालिग निकले हैं। दिल्ली पुलिस की कार्रवाई व वहां के किशोर न्याय बोर्ड से अभिरक्षा संबंधित रिकाॅर्ड की प्रति लेकर विवेचक लौट रहे हैं। बरेली सीजेएम कोर्ट में दोनों आरोपियों के बी वारंट की अर्जी लगाई जाएगी। इसकी स्वीकृति पर उन्हें बरेली कोर्ट में लाया जाएगा। फिर उनकी पुलिस अभिरक्षा रिमांड के लिए आवेदन किया जाएगा। रिमांड के दौरान उनसे घटनाक्रम के बारे में पूछताछ की जाएगी। साथ ही, घटना में इस्तेमाल स्पलेंडर बाइक की बरामदगी भी की जाएगी।
11 व 12 सितंबर की रात अभिनेत्री दिशा पाटनी के चौपुला स्थित आवास पर गोल्डी बरार व रोहित गोदारा गैंग के शूटरों ने फायरिंग की थी। इस घटना का मुकदमा यहां कोतवाली में दर्ज कराया गया था। मामले में संयुक्त टीम दो शूटरों को गाजियाबाद में हुई मुठभेड़ में ढेर कर चुकी है। दो आरोपियों को बरेली की शाही थाना पुलिस व दो को दिल्ली पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पहले दिन यानी 11 सितंबर की रात फायरिंग कर भागने वाले दोनों नाबालिग आरोपी बागपत जिले के हैं। ब्यूरो