कई स्कूलों से शिक्षकों को अपने सामने निकलवाया बाहर
विज्ञापन
पुलिस ऑफिस पहुंचे स्कूल प्रबंधक को कप्तान ने हड़काया
बरेली। कई स्कूलों के प्रबंधक छुट्टी होने के बावजूद शिक्षकों को बुला रहे हैं। यूपी-112 पर इस तरह की शिकायतों के बाद पुलिस स्कूलों में पहुंच रही है। एक स्कूल के प्रबंधक पुलिस की शिकायत लेकर एसएसपी से मिलने पहुंचे और शिक्षकों को न बुलाने का शासनादेश मांगने लगे। इस पर एसएसपी ने उन्हें आड़े हाथों लिया और पुलिस मॉडर्न स्कूल का उदाहरण दिया। कहा, स्कूल पूरी तरह बंद है। वहां न बच्चे आ रहे हैं और न शिक्षक। शासनादेश के लिए डीएम और शिक्षा विभाग से संपर्क करने को कह दिया।
कोरोना को लेकर सरकार के निर्देश पर स्कूलों और कॉलेजों की छुट्टी कर दी गई। कुछ स्कूलों ने बच्चों की तो छुट्टी कर दी है पर शिक्षकों को किसी न किसी बहाने से बुलाया जा रहा है। स्कूल खुले देख लोग यूपी-112 पर कॉल कर रहे हैं तो पुलिस मौके पर जाकर छानबीन कर रही है। रुहेलखंड चौकी क्षेत्र के एक नामी स्कूल में भी गुरुवार सुबह पुलिस पहुंची, इससे विवाद की स्थिति बन गई। दोपहर में स्कूल प्रबंधक एसएसपी दफ्तर पहुंचे। उन्होंने एसएसपी शैलेश पांडेय से पूछा कि उनके यहां पुलिस क्यों गई थी? जबकि केवल शिक्षक ही स्कूल आ रहे हैं। एसएसपी से पूछा कि शिक्षकों को न बुलाने के बारे में कोई शासनादेश हो तो उपलब्ध कराएं। इस पर एसएसपी ने उनसे शिक्षा विभाग के अधिकारियों से संपर्क करने को कहा। बोले, आदेश में यह भी नहीं लिखा है कि शिक्षकों को स्कूल बुलाया जा सकता है। आप उनसे घर पर ही काम करा सकते हैं। वायरस तो समूह में रहने से एक-दूसरे को संक्रमित कर सकता है तो बच्चों के साथ शिक्षक भी चपेट में आ सकते हैं। स्कूल कॉलेज बंद होने का आदेश है और इसे पूर्ण बंदी मानकर उन्होंने पुलिस मॉडर्न स्कूल में शिक्षकों की भी छुट्टी कर दी है। यूपी-112 पर कॉल आएगी तो पुलिस को जाना ही पड़ेगा।