फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

बरेलीः अब किला पुल पर मांझे से कटी गर्दन

विज्ञापन
घायल इमरान। - फोटो : अमर उजाला ब्यूरो, बरेली
विज्ञापन

बाइक पर जा रहा जरी कारोबारी सड़क पर गिरा, हाथ-पैरों में भी गंभीर चोट

बरेली। पुलिस और प्रशासन की बेपरवाही से चीनी मांझे से होने वाले हादसे बढ़ते जा रहे हैं। शनिवार को बदायूं रोड और श्यामगंज फ्लाईओवर पर एक छात्रा समेत दो लोगों की गर्दन कटी थी, रविवार को किला पुल पर एक जरी कारीगर की गर्दन में मांझे ने गहरा घाव कर दिया। बाइक पर जा रहा जरी कारीगर गले में मांझा फंसने के बाद सड़क पर जा गिरा। उसके हाथ-पैरों में भी गंभीर चोटें आई हैं। उसे एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
विज्ञापन

सीबीगंज के गांव बंडिया में रहने वाले जरी कारीगर इमरान रविवार को किसी काम से शहर आए थे और दोपहर बाद घर लौट रहे थे। इसी दौरान किला पुल पर अचानक मांझा उनके हेलमेट में फंस गया। इमरान ने बाइक रोकने की कोशिश की लेकिन तब तक मांझा सरक कर गले में फंस गया और उनकी गर्दन में गहरा घाव कर दिया। इसी बीच उनकी बाइक भी बेकाबू हो गई। इमरान बाइक समेत सड़क पर जा गिरे जिससे उनके हाथ और पैर में भी गंभीर चोट आ गई। लगभग अचेत हो चुके इमरान को आसपास के लोगों ने उठाकर अस्पताल पहुंचाया। बता दें कि शनिवार को भी चीनी मांझे की वजह से शहर में दो हादसे हुए थे। बदायूं रोड पर बाइक से जा रहे विवेक गले में मांझा फंसने के बाद डिवाइडर से जा टकराए थे। श्यामगंज पुल पर स्कूटी से जाते वक्त छात्रा यशी शर्मा के गले में मांझा फंसा तो वह गंभीर रूप से जख्मी हो गई थीं।

लगातार हादसे फिर भी नगर निगम पर कोई फर्क नहीं

बरेली। मांझे की वजह से शहर में कई सालों से लगातार हादसे हो रहे हैं। दो साल पहले नगर निगम ने शहर के पुलों पर मांझे को सड़क पर आने से रोकने के लिए केबल बंधवा दी थी जिसके बाद इन हादसों में कुछ कमी आई थी लेकिन अब लगभग सभी पुलों पर यह केबल टूट गई हैं। इसके बाद लगातार हादसे हो रहे हैं लेकिन नगर निगम फिर भी बेखबर बना हुआ है।
लगातार हादसों की वजह से शहर में मांझे का खौफ बढ़ता जा रहा है। हालत यह है कि पिछले एक महीने में ही शहर में दर्जन भर से ज्यादा लोगों की गर्दन कट चुकी है लेकिन फिर भी नगर निगम के अफसरों ने इन हादसों को रोकने के लिए कुछ नहीं किया है। लोगों का कहना है कि यह नगर निगम के अफसरों की जिम्मेदारी है कि वे पुलों पर सुरक्षा इंतजाम करें ताकि लोग हादसों का शिकार न हों। अपर नगर आयुक्त अजीत कुमार सिंह का कहना है कि फ्लाईओवरों पर मांझे से लोगों को बचाने के लिए केबल खिंचवाई गईं थीं जो टूट गई होंगी। उन्हें दोबारा दिखवाकर फिर बंधवा दिया जाएगा।

नगर निगम करे पुलों पर सुरक्षा इंतजाम

नगर निगम को इसे गंभीरता से लेना चाहिए। शहर के सभी फ्लाईओवर पर बिजली पोल के सहारे एंगल लगाकर लोहे का तार खिंचवाए जा सकते हैं ताकि वे टूटें न। आए दिन कोई न कोई हादसा इस मांझे की वजह से हो रहा है। -गौरव सक्सेना, पार्षद नगर निगम

सभी फ्लाईओवर पर नगर निगम को नए सिरे से केबिल लगवानी चाहिए। समय-समय पर उनकी देखरेख भी जरूरी है। टूटी पड़ी केबल को दोबारा लगवाना चाहिए। मैं इस संबंध में मेयर और नगर आयुक्त से बात करूंगा। -शमीम अहमद, पार्षद नगर निगम

मांझे से रोज किसी न किसी की गर्दन कट रही है। किसी भी दिन बड़ा हादसा हो सकता है। किसी फ्लाईओवर पर केबिल ठीक से नहीं बंधी है। व्यापारी सोमवार को सुबह 11 बजे नगर आयुक्त को इस संबंध में ज्ञापन देंगे। -रामकृष्ण शुक्ला, महानगर अध्यक्ष पश्चिमी उप्र उद्योग व्यापार मंडल

मांझे से शहर में रोज कोई न कोई गंभीर रूप से घायल होता है। फ्लाईओवर पर ऐसे हादसे सबसे ज्यादा होते हैं। यदि केबिल ठीक से बंधी हो तो इन हादसों को रोका जा सकता है। नगर निगम को इस ओर ध्यान देना चाहिए। -हरजीत सिंह, सुभाषनगर

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें