पैग़ंबर ए इस्लाम और मजहब इस्लाम पर एक धर्मगुरु की ओर से की गई टिप्पणी के खिलाफ शुक्रवार को बरेली और शाहजहांपुर में हजारों मुस्लिमों ने विरोध प्रदर्शन कर अपनी नाराजगी का इजहार किया। पीलीभीत में जुलूस को टालने पर शुक्रवार को मुसलिम समाज के युवाओं ने एक मौलाना को पीट दिया और उनके कपड़े फाड़ डाले।
शाहजहांपुर में मुस्लिम समाज के लोग चौक कोतवाली क्षेत्र में स्थित जामा मस्जिद सहित अन्य मस्जिदों से जुमे की नमाज के बाद नारेबाजी करते हुए आगे सड़क पर उतर आए। इस बीच सिटी मजिस्ट्रेट राजेश कुमार ने मौके पर पहुंच कर मस्जिद के बाहर ही ज्ञापन देने के लिए इमाम और प्रबंध कमेटी के पदाधिकारी से अनुरोध किया पर प्रदर्शनकारी नहीं माने।
लोगों का हुजूम मस्जिद के पास से सड़क की ओर पहुंच गया। करीब आधे घंटे तक मुसलिम समाज के लोगों ने सड़क पर प्रदर्शन किया। इस बीच एसपी एस आनंद और एडीएम प्रशासन रामसेवक द्विवेदी भी मौके पर पहुंचे। बाद में शहर इमाम हुजूर अहमद मंजरी, जामा मस्जिद अध्यक्ष तारिक अली खां और ईदगाह कमेटी के अध्यक्ष राहत अली खां के नेतृत्व में अधिकारियों को ज्ञापन दिया गया। ज्ञापन में महंत को भावनाओं को ठेस पहुंचाने का जिम्मेदार ठहराते हुए उनके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर एनएसए की कार्रवाई कर गिरफ्तार करने की मांग की गई।
इधर, पीलीभीत में मुसलिम समाज के लोगों पर मुकदमा दर्ज करने के विरोध में पुलिस प्रशासन के खिलाफ निकाले जाने वाले जुलूस को टालने पर शुक्रवार को मुसलिम समाज के युवाओं का गुस्सा भड़क उठा। युवाओं ने मौलाना हाफिज मुतीब को पीट दिया और उनके कपड़े फाड़ डाले। पुलिस ने डंडे फटकार कर भीड़ को खदेड़ा, तब जाकर मामला शांत हुआ। पुलिस ने चार लोगों को हिरासत में लिया है।
उधर, बरेली स्थित दरगाह आला हजरत और खानकाह ताजुशरिया से जुड़े संगठन जमात रजा मुस्तफा के आवाहन पर इस्लामियां इंटर कॉलेज मैदान पर जुटे मुस्लिमों ने विरोध प्रदर्शन करते हुए धर्मगुरु के बयान पर कड़ी नाराजगी जताई। फैजाबाद के शहर काजी अब्दुल मुस्तफा ने कहा कि पैगंबर इस्लाम के लिए जान और माल सब कुर्बान है, उनका अपमान बर्दाश्त नहीं करेंगे।
एसएसपी रोहित सिंह सजवाण और एडीएम सिटी महेंद्र कुमार दल बल के साथ प्रदर्शन स्थल पहल पहुंचे, जहां उन्होंने राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन लिया। इधर, दरगाह शाह शराफत अली मियां से जुड़े संगठन हजरत शाह सकलैन एकेडमी की ओर निकाल जुलूस कलक्ट्रेट पहुंचा जहां नगर मजिस्ट्रेट को ज्ञापन सौंपा। इस दौरान शहर के श्यामगंज, कालीबाड़ी, नावल्टी चौराहा, कुतुबखाना आदि मार्गो पर करीब तीन घंटे जाम लगा रहा।