बरेली के सुरेश शर्मा नगर के लोग इन दिनों आवारा पशुओं से परेशान हैं। नगर निगम के संबंधित अधिकारी भी लोगों की मदद करने के लिए तैयार नहीं हैं। सुरेश शर्मा नगर के पास कृष्णा कॉलोनी गेट के सामने दिन-रात आवारा गायों का झुंड बैठा रहता है।
ये गायें रास्ते से आने-जाने वाले लोगों को भी परेशान करती हैं। लोगों का रास्ते पर चलना दूभर हो गया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि उनमें से एक गाय तो इतनी पागल हो गई है कि वह आते-जाते सभी पर हमला कर देती है।
मोहल्ले के रहने वाले सुरेश शर्मा के अनुसार बीते दिनों सुबह सैर करने निकले लोगों को झुंड की एक गाय ने इतनी बेरहमी से मारा कि वो बुरी तरह घायल हो गए। इसके बाद सुरेश ने संबंधित अधिकारी को फोन कर के मामले की सूचना दी और गाड़ी भेज कर उन आवारा गायों को पकड़ कर ले जाने का आग्रह किया।
इसके बाद अधिकारी ने जो जवाब दिया वो दंग कर देने वाला था। अधिकारी ने कहा कि हम ऐसी पागल गाय को कहां ले जाएंगे? हमारे पास इसका कोई इलाज तो है नहीं! हमारे यहां अगर यह मर जाए तो फिकवा देंगे। गौशाला में ऐसी पागल गाय थोड़ी न भिजवा सकते हैं। सुरेश के साथ उस अधिकारी की बात-चीत का ऑडियो भी वायरल हो रहा है जो पूरी व्यवस्था की पोल खोल रहा है।