बरेली-मुरादाबाद खंड शिक्षक एमएलसी चुनाव की मतगणना प्रक्रिया मंगलवार सुबह आठ बजे से शुरू हो गई। बरेली के संजय कम्युनिटी हॉल में बनाए गए मतगणना केंद्र पर दोनों मंडलों के नौ जिलों के मतों की गिनती की जाएगी। मतगणना स्थल पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। चुनाव में उतरे 17 प्रत्याशियों के राजनीतिक भविष्य का फैसला मतगणना पूरी होने के बाद होगा।
बरेली-मुरादाबाद खंड शिक्षक विधान परिषद सदस्य (एमएलसी) चुनाव की मतगणना की प्रक्रिया मंगलवार सुबह आठ बजे से संजय गांधी कम्युनिटी हॉल में शुरू हुई। आठ मतगणना टेबल और एक रिटर्निंग ऑफिसर (आरओ) टेबल पर मतों की गिनती हो रही है। सुबह नौ बजे से मतपेटियां खोली गईं। कुल 35,149 वोटों की गिनती की जाएगी। इससे 17 प्रत्याशियों की किस्मत का फैसला होगा। मतगणना को निष्पक्ष और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं।
विज्ञापन
मतगणना में लगे कर्मचारियों को सुबह छह बजे तक केंद्र पर पहुंचने के निर्देश दिए गए थे। सुबह सात बजे प्रत्याशियों और उनके एजेंटों की मौजूदगी में स्ट्रॉन्ग रूम खोला गया। इसके बाद निर्धारित समय पर मतगणना प्रक्रिया शुरू हुई। मतों की संख्या को देखते हुए कर्मचारियों की ड्यूटी दो शिफ्टों में लगाई गई है, ताकि मतगणना की प्रक्रिया लगातार जारी रह सके।
73.69 फीसदी मतदाताओं ने किया था मतदान
शिक्षक एमएलसी निर्वाचन के लिए 23 अक्तूबर को 105 बूथों पर मतदान हुआ था। इसमें दोनों मंडलों के 46 हजार से ज्यादा मतदाताओं में से 35,146 यानी 73.69 फीसदी ने मताधिकार का प्रयोग किया था। प्रशासन ने मतदान के बाद सभी मतपेटिकाओं को सुरक्षा के साथ संजय कम्युनिटी हॉल के स्ट्रांग रूम में रखवाया था। अब मतगणना के साथ प्रत्याशियों की स्थिति स्पष्ट होने लगेगी। चुनाव में भाजपा प्रत्याशी डॉ. हरि सिंह ढिल्लो और सपा प्रत्याशी हाजी दानिश अख्तर के बीच मुख्य मुकाबला माना जा रहा है। हालांकि, अन्य 15 निर्दलीय प्रत्याशी भी मैदान में हैं। मतों की गिनती निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार की जा रही है।
विज्ञापन
Trending Videos
बरेली के संजय कम्युनिटी हॉल में बरेली-मुरादाबाद शिक्षक एमएलसी चुनाव की मतगणना
- फोटो : अमर उजाला
हर टेबल पर एजेंट, सीसीटीवी से निगरानी
मतगणना की पारदर्शिता बनाए रखने के लिए प्रत्येक टेबल पर प्रत्याशियों को एक-एक काउंटिंग एजेंट तैनात करने की अनुमति दी गई है। सभी टेबल पर वीडियोग्राफी और पूरे हॉल में सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की व्यवस्था है। मतगणना के विभिन्न चरणों की जानकारी देने के लिए लाउडस्पीकर भी लगाए गए हैं।
दो गेटों से प्रवेश, पुलिस बल तैनात
मतगणना केंद्र पर प्रवेश के लिए अलग-अलग व्यवस्था की गई है। एक गेट से काउंटिंग एजेंट और दूसरे गेट से मतगणना कर्मचारी व अधिकारी प्रवेश कर रहे हैं। परिसर में पुलिस बल और मजिस्ट्रेट तैनात हैं। मतगणना कर्मचारियों और सुपरवाइजरों को पहले ही प्रशिक्षण दिया जा चुका है।
प्रशासन के मुताबिक, निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुसार मतगणना कराई जा रही है। सुरक्षा और पारदर्शिता बनाए रखने के साथ पूरी प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराना प्राथमिकता है।
बरेली के संजय कम्युनिटी हॉल में बरेली-मुरादाबाद शिक्षक एमएलसी चुनाव की मतगणना
- फोटो : अमर उजाला
मंडलायुक्त शंभू कुमार के मुताबिक, मतों की गिनती के लिए आठ टेबलों की व्यवस्था कराई गई है। प्रत्येक पर माइक्रो ऑब्जर्बर, सुपरवाइजर, दो सहायक कर्मी तैनात रहेंगे। दो पालियों में कर्मियों की ड्यूटी लगी है। पहली शिफ्ट सुबह आठ बजे से शाम चार बजे तक और दूसरी शिफ्ट शाम चार बजे से रात 12 बजे तक रहेगी। प्रत्येक शिफ्ट में टेबल पर मौजूद कर्मियों के अलावा चतुर्थ श्रेणी समेत कुल 55 कर्मचारी लगाए गए हैं।
ये हैं 17 उम्मीदवार
भाजपा से डॉ. हरि सिंह ढिल्लो, सपा से हाजी दानिश अख्तर, निर्दलीय प्रत्याशियों में संजय कुमार मित्रा, राजेंद्र कुमार गंगवार, रेनू मिश्रा, राज कुमार सिंह, हरेंद्र सिंह, विमलेंद्र कुमार शर्मा, राजीव कुमार, नरेश कुमार शर्मा, रमेश चंद्र, बहार आलम, रोहित अल्ताफ, विद्युत कुमार, डॉ. सुनीत गिरि, नाज रिजवी, नेत्रपाल।
मोबाइल फोन और इलेक्ट्रॉनिक उपकरण पर प्रतिबंध
मतगणना कक्ष में मोबाइल फोन या किसी भी तरह का इलेक्ट्रॉनिक उपकरण ले जाने पर प्रतिबंध है। मतगणना कार्मिकों को पहचानपत्र लेकर पहुंचना होगा। ये निर्देश सोमवार को संजय गांधी कमेटी हॉल में मतगणना कार्मिकों के प्रशिक्षण में मंडलायुक्त शंभु कुमार ने दिए। कहा कि मतगणना लंबी प्रक्रिया है, कार्मिक धैर्य और संयम से कार्य करें।