तीन-चार घंटे में पूरा होगा सफर
इस हाईवे का काम पूरा होने के बाद मथुरा का सफर जो अब तक सात-आठ घंटे में होता है, वह तीन-चार घंटे में पूरा होगा। इस परियोजना से मथुरा, हाथरस, कासगंज, बदायूं और बरेली जिले के लोगों को लाभ होगा। हाईवे के चौड़ीकरण के बाद बरेली-मथुरा के बीच बदायूं से गंगा एक्सप्रेसवे और सीधे मथुरा होते हुए राजस्थान तक पहुंचाने का रास्ता आसान हो जाएगा। संबंधित जिलों के किसानों और व्यापारियों को भी लाभ होगा। किसान और व्यापारी गेहूं, गन्ना, धान, आलू सीधे बड़ी मंडियों तक आसानी से भेज सकेंगे।
प्रमुख तथ्य
- चार चरण में हो रहा बरेली-मथुरा हाईवे का चौड़ीकरण।
- तीसरे व चौथे चरण (56 किमी) के कार्य एनएचएआई बदायूं डिवीजन के हिस्से में।
- चौथे चरण में छह ओवरब्रिज का होना है निर्माण।
- 13 गांव चौथे चरण के दायरे में शामिल।
- 1655 किसानों की जमीन का चतुर्थ चरण के लिए होगा अधिग्रहण।
- 7700 करोड़ रुपये की लागत से हो रहा चौड़ीकरण।
रिंग रोड निर्माण की भी थमी रफ्तार
झुमका तिराहे से रजऊ तक निर्माणाधीन 29.920 किलोमीटर की रिंग रोड का काम भी अब तक महज 18-19 प्रतिशत पूरा हो सका है। इस काम को भी नवंबर 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य है। रिंग रोड का निर्माण एनएचएआई 824 करोड़ रुपये से करा रहा है। यह काम पूरा होने के बाद दूसरे शहरों से आने वाले भारी व अन्य वाहन बरेली में प्रवेश किए बिना ही बाहर-बाहर निकल सकेंगे।
रिंग रोड परियोजना पूरी होने से बरेली समेत पड़ोसी जिलों का भी सड़क नेटवर्क सुदृढ़ हो जाएगा। इससे बरेली-मथुरा, बरेली-दिल्ली, बरेली-लखनऊ, बरेली-पीलीभीत-सितारगंज, बरेली-नैनीताल हाईवे समेत बरेली-आंवला-रामनगर, बरेली-दातागंज-पुवायां नेशनल और स्टेट हाईवे कनेक्ट किए जाएंगे। सभी रेलवे क्रॉसिंग पर ओवरब्रिज होंगे। इससे क्रॉसिंग बंद होने के दौरान वाहनों को रुकना नहीं पड़ेगा।
एनएचएआई बदायूं डिवीजन के परियोजना निदेशक उत्कर्ष शुक्ला ने बताया कि बरेली-मथुरा नेशनल हाईवे का चौड़ीकरण चार फेज में हो रहा है। बरेली-बदायूं के बीच काम 40% पूरा हो गया है। मानसून के दौरान काम की गति धीमी हो जाती है। इन दिनों त्योहार का सीजन होने के कारण भी काम सुस्त है। परियोजना को नवंबर 2027 तक पूरा कर लिया जाएगा।