फरीदपुर। बरेली-लखनऊ हाईवे सोमवार को एक बार फिर हादसा हो गया। टोला प्लाजा के समीप बाइक को ट्रक ने पीछे से टक्कर मार दी। इससे बाइक सवार महिला और उसकी मासूम बच्ची की मौत हो गई, जबकि पति गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद ड्राइवर ट्रक लेकर भाग गया।
जहानाबाद (पीलीभीत) थाना क्षेत्र के गांव उमरसड़ निवासी सूरजपाल फरीदपुर के गांव केसरपुर स्थित एक फैक्टरी में मजदूरी करते हैं। वह कस्बे में परिवार के साथ रहते हैं। सूरजपाल सोमवार को दोपहर तीन बजे बाइक से पत्नी 28 वर्षीय उषा और पांच माह की बेटी मोहिनी के साथ अपने गांव जा रहे थे। गांव जेड के आगे निर्माणाधीन टोल प्लाजा से निकलते ही पीछे से ट्रक ने बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में उषा की मौके पर मौत हो गई, जबकि सूरजपाल और मासूम मोहिनी गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने एंबुलेंस से दोनों को अस्पताल भेजा, लेकिन मोहिनी से रास्ते में ही दम तोड़ दिया। बता दें कि इस हाईवे हादसों में कई लोगों की मौत हो चुकी है। 26 जून 2019 को हादसे में उत्तराखंड सरकार में कैबिनेट मंत्री अरविंद पांडेय के बेटे समेत दो लोगों की मौत हो गई थी।
हेलमेट ने बचा ली सूरजपाल की जिंदगी
सूरजपाल बाइक से जब अपने घर के लिए चले तो हेलमेट लगा लिया। ट्रक की टक्कर से सड़क पर गिरने के बावजूद उनके सिर में चोट नहीं आई। हेलमेट न लगा होता तो सूरजपाल का भी बचना मुश्किल था।