बरेली। सप्ताह भर पहले जंक्शन को बम से उड़ाने की धमकी देने के मामले में बदायूं के ककराला कस्बा निवासी व्यक्ति को चिह्नित किया गया है। उसकी तलाश में मंगलवार सुबह संयुक्त टीम ने ककराला में डेरा डाला तो बदायूं में डबल मर्डर की वारदात के बाद टीम लौट आई। चर्चा है कि संदिग्ध कस्बे से गायब हो गया है, उसकी गिरफ्तारी के बाद ही उसकी भूमिका का पता लग पाएगा।
23 जुलाई को बरेली जंक्शन के स्टेशन अधीक्षक को एक पत्र मिला था। इसमें स्टेशन को बम से उड़ाने की धमकी दी गई थी। आईएम (इंडियन मुजाहिदीन) के कथित बरेली एरिया कमांडर मुन्ने खां उर्फ मुल्ला ने चेतावनी दी थी कि अगर मुस्लिम बस्ती से कांवड़िये निकले तो वो यह घटना कर देगा। अभी वो शांत है। स्टेशन अधीक्षक से अपेक्षा की गई थी कि वह पुलिस प्रशासन के अधिकारियों को इसकी जानकारी दे दें। डाकघर की मुहर काफी हल्की थी पर चिट्ठी के बाहर उसके पते के रूप में ककराला शरीफ पढ़ने में आया। जीआरपी जंक्शन थाने में मामला दर्ज कर आरोपी के बारे में खुफिया अमले से मिलकर इसकी पड़ताल की जा रही थी। टीम को सुराग मिला कि बदायूं के ककराला कस्बा निवासी एक शातिर ने यह पत्र भेजा था।
मंगलवार को बरेली जीआरपी के साथ ही खुफिया अमले की टीम ने ककराला में दस्तक दी। बदायूं की एक टीम भी इनके सहयोग में साथ गई थी। वहां पता लगा कि मुन्ने खां नाम के कई लोग हैं जिनमें से कई को मुल्ला जी भी कहा जाता है। टीम ने पड़ताल की तो एक व्यक्ति पर संदेह गहरा गया। पता लगा कि वह व्यक्ति इन दिनों घर पर नहीं है। टीम उसके किसी परिचित को पकड़ती, इससे पहले बदायूं जिले में दोहरे हत्याकांड की सूचना आ गई। इसके बाद टीम लौट आई। अधिकारियों के मुताबिक संदिग्ध को पकड़ने के बाद पूछताछ से सच्चाई का पता लगेगा। संभव है कि किसी ने उसे फंसाने के लिए यह पत्र डाल दिया हो, इसकी पूरी तस्दीक की जाएगी।