पटना के लिए श्रमजीवी एक्सप्रेस आएगी पहली ट्रेन
पांच साल से कम उम्र के बच्चों को नहीं मिलेगा प्रवेश
बरेली। एक जून से रेलवे दो सौ स्पेशल ट्रेनों का संचालन नए नियमों के तहत शुरू करने जा रहा है, जिसके लिए जंक्शन पर दिनभर तैयारियां चलतीं रहीं। सोमवार को पहली ट्रेन नई दिल्ली-राजगीर श्रमजीवी एक्सप्रेस शाम पांच बजे आएगी। कंफर्म टिकट वाले यात्री पांच चेकिंग प्वाइंट से होकर प्लेटफार्म पर पहुंचेंगे। पांच साल से कम उम्र के बच्चों को प्रवेश नहीं मिलेगा।
जंक्शन से एक जून को 16 ट्रेन गुजरेंगी। यात्रियों को ट्रेन के समय से डेढ़ घंटे (90 मिनट) पहले जंक्शन पहुंचना होगा। थर्मल स्क्रीनिंग और अन्य चीजों की चेकिंग के बाद ही उन्हें प्रवेश दिया जाएगा। रेलवे ने पांच साल से ऊपर के बच्चों का रिजर्वेशन नहीं किया है। इसके अलावा पांच साल से नीचे के बच्चे फिलहाल ट्रेन में सफर नहीं कर सकेंगे।
जंक्शन पर नई व्यवस्था के मुताबिक, सबसे पहले सभी यात्रियों को रिजर्वेशन आफिस के पास वेटिंग हाल में रोका जाएगा। जहां से चेकिंग के बाद वह होमगार्ड के साथ प्लेटफार्म तक आएंगे। प्लेटफार्म पर थर्मल स्क्रीनिंग के बाद ही उन्हें कोच में प्रवेश दिया जाएगा।
जंक्शन पर हुआ रिहर्सल
शनिवार को जंक्शन पर स्थानीय अधिकारियों ने रिहर्सल किया कि किस तरह यात्रियों को कोच में बैठाया जाएगा। सामाजिक दूरी का पालन करने के लिए प्लेटफार्म पर पड़ी बैंचों में बीच वाली सीट पर क्रास लगाया गया है, ताकि एक बैंच पर दो ही यात्री बैठ सकें। इंक्वायरी आफिस से सभी यात्रियों को इस संबंध में दिशा निर्देश भी मिलते रहेंगे।
प्लेटफार्म पर एंट्री के सभी रास्ते रहेंगे बंद
जंक्शन पर सुभाषनगर की ओर से सेकंड एंट्री, जीआरपी गेट, वेटिंग हाल की तरफ, पॉवर केबिन और पार्सल घर से प्लेटफार्म पर आने के सभी रास्ते बंद कर दिए गए हैं। केवल मुख्य गेट से ही यात्री पहुंच सकेंगे। इसी गेट से ही निकासी होगी।
नेट पर नहीं दिखेंगी ट्रेनें
एक जून से चलने वाली सभी स्पेशल ट्रेनों का नंबर शून्य से शुरू हो रहा है। इसलिए इन स्पेशल ट्रेनों की लोकेशन नेट या एप पर शो नहीं होगी। दरअसल, सिस्टम पर ट्रेनें फीड ही नहीं की गई हैं। ऐसे में यात्रियों को जंक्शन पहुंचकर ही ट्रेन आने का सही समय पता चल सकेगा। हालांकि ज्यादा ट्रेन न होने से सभी ट्रेनें समय पर आने-जाने की संभावना जताई जा रही है।
जंक्शन पर सभी तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। बाकी तैयारियों को रविवार शाम तक पूरा कर लिया जाएगा। यात्रियों को सभी नियमों का पालन करना होगा।- सत्यवीर सिंह, स्टेशन अधीक्षक, जंक्शन
कौन सी ट्रेन कितने बजे जंक्शन पहुंचेगी
दिल्ली की ओर जाने वाली ट्रेन (अप लाइन)
02391 श्रमजीवी एक्सप्रेस------रात 11.51
02229 लखनऊ मेल----------रात 1.47
02417 महामना एक्सप्रेस-----सुबह 3.25
04673 शहीद एक्सप्रेस------सुबह 4.25
02419 सुहेलदेव एक्सप्रेस----सुबह 3.25
02357 दुर्गियाना एक्सप्रेस----सुबह 6.15
05273 सत्याग्रह एक्सप्रेस----रात 2.28
04649 सरयू यमुना एक्सप्रेस---- सुबह 4.25
लखनऊ की ओर जाने वाली ट्रेन (डाउन लाइन)
02392 श्रमजीवी एक्सप्रेस----शाम 5.40
02230 लखनऊ मेल-----रात 1.42
02418 महामना एक्सप्रेस----रात 11.10
04674 शहीद एक्सप्रेस------रात 1.58
02220 सुहेलदेव एक्सप्रेस-----रात 11.10
02358 दुर्गियाना एक्सप्रेस---- शाम 4.23
05274 सत्याग्रह एक्सप्रेस----रात 10.27
04650 सरयू यमुना एक्सप्रेस----- रात 1.58
अब सेकंड सिटिंग टिकट पर भी होगा कोच और सीट नंबर
बरेली। एक जून से चलने वाली स्पेशल ट्रेनों में रेल प्रशासन ने जनरल कोच की जगह अब सेकेंड सिटिंग कोच लगाने का निर्णय लिया है। इसमें बैठने वालों को दिक्कत न हो इसलिए स्लीपर की तरह ही टिकट मिलेंगे। टिकट भी आरक्षण केंद्र से ही दिए जाएंगे। यात्री ऑनलाइन भी बुक करा सकते हैं। इज्जतनगर मंडल की सीनियर डीसीएम श्रीमती नीतू के मुताबिक, पहले जनरल टिकट पर जीएस लिखा होता था, लेकिन अब कोच नंबर डी1, डी2 लिखा होगा, यही नंबर कोच पर भी लिखे होंगे। टिकट लेकर यात्री आराम से अपने कोच में अपनी सीठ पर चले जाएंगे। नई व्यवस्था के तहत वाशिंग पिट पर कोच नंबर लगाने का काम शुरू कर दिया गया है।