आर्थिक योगदान को बनाया जाता है आधार
पीएफएलएस सिर्फ सरकारी या निजी नौकरी को रोजगार नहीं मानता। व्यक्ति स्वरोजगार कर रहा है, परिवार की आय में योगदान दे रहा है या मजदूरी कर रहा है तो वह भी रोजगार की श्रेणी में आता है। यही वजह है कि जरी-जरदोजी, कढ़ाई, छोटी दुकान, घरेलू उद्योग, कृषि और दूसरे आर्थिक कामों से जुड़े लोग भी श्रम बाजार के आंकड़ों में शामिल होते हैं।
ऐसे सामने आती है बेरोजगारी की तस्वीर
पीएफएलएस में मुख्य रूप से लेबर फोर्स पार्टिसिपेशन रेट, वर्कर पॉपुलेशन रेशियो और अनइंप्लॉयमेंट रेट जैसे संकेतकों से श्रम बाजार की स्थिति आंकी जाती है। बेरोजगारी दर श्रमबल में शामिल उन लोगों का प्रतिशत है जो काम नहीं कर रहे हैं, लेकिन काम की तलाश में हैं या काम के लिए उपलब्ध हैं।
जिले में पांच लाख से अधिक हैं पंजीकृत श्रमिक
श्रम विभाग से जारी आंकड़ों के अनुसार, जिले में 5,57,364 श्रमिकों का पंजीकरण विभाग में है। डेढ़ लाख के करीब असंगठित श्रमिक भी हैं। रोजगार सृजन के लिए जिले में 30 से 40 बड़े उद्योग, 500 के करीब लघु उद्योग हैं। सूक्ष्म एवं कुटीर उद्योगों की संख्या भी 5000 के करीब है। बेरोजगारी के स्तर को कम करने में ये सहायक साबित हो रहे हैं।
जरी-जरदोजी से जुड़े हैं चार लाख परिवार
जिले में जरी-जरदोजी का काम बड़े स्तर पर होता है। यहां से बना माल महाराष्ट्र, गुजरात, कोलकाता, दिल्ली समेत अन्य प्रदेशों में भेजा जाता है। विदेश तक माल का निर्यात भी किया जाता है। जिले के करीब चार लाख कारीगर इस काम से जुड़े हैं। जिले में किला, सीबीगंज, पुराना शहर, बाकरगंज समेत अन्य इलाकों में जरी का काम होता है। उद्योग विभाग ने इसे ओडीओपी में भी इसे शामिल किया है। जरी कारोबारी सुदीप राजगढ़िया ने बताया कि जिले में इसका वार्षिक टर्नओवर करीब 500 करोड़ रुपयों का है।
फर्नीचर उद्योग में 30 हजार श्रमिक बहा रहे पसीना
शहर में फर्नीचर का भी काम बड़े स्तर पर होता है। यहां बने सोफे, बेड, मेज, डाइनिंग टेबल, शृंगारदान आदि की आपूर्ति दूसरे राज्यों को भी की जाती है। लकड़ी और हस्तनिर्मित फर्नीचर के लिए सिकलापुर और बांस मंडी मुख्य केंद्र हैं। यहां 100 से अधिक बड़े शोरूम और थोक दुकानें हैं। सिकलापुर फर्नीचर मंडी के थोक कारोबारी सौरभ गर्ग ने बताया कि जिले में करीब 150 से 200 करोड़ का कारोबार हर साल होता है। यहां फर्नीचर में शीशम, सागौन की लकड़ियों का इस्तेमाल किया जाता है। 30 हजार श्रमिक इससे जुड़े हुए हैं।