बरेली। भिटौरा रेलवे स्टेशन पर इलेक्ट्रॉनिक इंटरलॉकिंग के काम की वजह से साढ़े चार घंटे का ब्लॉक होने से डाउन लाइन (मुरादाबाद से लखनऊ) रूट का रेल यातायात प्रभावित रहा। सबसे ज्यादा दिक्कत गुवाहाटी एक्सप्रेस से लखनऊ की ओर जाने वालों को हुई। चंदौसी, बरेली कैंट स्टेशन होते हुए लखनऊ की ओर गई काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस समेत तीन ट्रेनें भी देरी से जंक्शन पहुंची।
रेलवे के इंजीनियरिंग अनुभाग ने भिटौरा स्टेशन पर ओएचई लाइन के मेंटीनेंस के लिए शुक्रवार सुबह 11:30 से शाम चार बजे तक साढ़े चार घंटे का ब्लॉक लिया। देर रात 1:45 बजे राज्यरानी एक्सप्रेस गुजरने के बाद ट्रेनों का संचालन रोक दिया गया। शाम पांच बजे तक मुरादाबाद से जंक्शन कोई भी ट्रेन नहीं आई। जबकि जंक्शन से लखनऊ की ओर त्रिवेणी एक्सप्रेस और काठगोदाम-लखनऊ एक्सप्रेस संचालित हुई। लालगढ़ से डिब्रूगढ़ जाने वाली गुवाहाटी एक्सप्रेस मुरादाबाद से चंदौसी, आंवला, बरेली कैंट स्टेशन होते हुए शाहजहांपुर की ओर चलाई गई। इसके अलावा अमृतसर-कोलकाता अकाल तख्त एक्सप्रेस डेढ़ घंटे, नई दिल्ली वाराणसी काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस एक घंटे, अमृतसर-दरभंगा जननायक एक्सप्रेस चार घंटे, मेरठ सिटी-लखनऊ राज्यरानी एक्सप्रेस 45 मिनट देरी से जंक्शन पहुंची। लखनऊ से आने वाली सिंगरौली-टनकपुर त्रिवेणी एक्सप्रेस पांच घंटे और दरभंगा अमृतसर जननायक एक्सप्रेस चार घंटे देरी से जंक्शन पहुंची। सबसे ज्यादा परेशानी गुवाहाटी एक्सप्रेस के यात्रियों को हुई।