फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Bareilly: गोलीकांड में नामजद भाजपा के पूर्व विधायक के भाई का रिसॉर्ट सील, बीडीए के अफसरों ने की कार्रवाई

Sat, 29 Jun 2024 03:37 PM IST
मुकेश कुमार अमर उजाला ब्यूरो, बरेली

सार

बरेली के फायरिंग मामले में नामजद भाजपा के पूर्व विधायक राजेश मिश्रा उर्फ पप्पू भरतौल के भाई रमेश मिश्रा पर कार्रवाई हुई है। बीडीए ने रमेश मिश्रा के लक्ष्य रिसॉर्ट को सील कर दिया है। इस कार्रवाई के दौरान भारी पुलिस फोर्स तैनात रही। 
विज्ञापन
लक्ष्य रिसॉर्ट में फोर्स तैनात - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

बरेली के पीलीभीत बाइपास पर 22 जून को हुई फायरिंग के मामले में ताबड़तोड़ कार्रवाई का दौर जारी है। शनिवार को भाजपा के पूर्व विधायक राजेश मिश्रा उर्फ पप्पू भरतौल के भाई रमेश मिश्रा के लक्ष्य रिसॉर्ट को सील कर दिया गया। तीन थानों की पुलिस व पीएसी के साथ पहुंची बीडीए की टीम ने सीलिंग के बाद वहां नोटिस चस्पा कर दिया। तय समय में संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर ध्वस्तीकरण की कार्रवाई हो सकती है।

विज्ञापन


सीओ तृतीय अनीता चौहान के नेतृत्व में संयुक्त टीम दोपहर ढाई बजे बारादरी थाने से हरुनगला स्थित लक्ष्य रिसॉर्ट पहुंची। वहां बीडीए के अधिशासी अभियंता ने रिसॉर्ट के दोनों गेट पर ताला डालकर व मुहर लगाकर सील कर दिया। यहां तीन नोटिस भी चस्पा किए गए। यहां मौजूद पप्पू भरतौल के बेटे विक्की भरतौल व रमेश मिश्रा के परिजनों से भी अधिकारियों ने बात की।

फायरिंग मामले में नामजद हैं पप्पू भरतौल 
पप्पू भरतौल फायरिंग मामले में नामजद किए गए हैं। इस कार्रवाई को उसी घटनाक्रम की प्रतिक्रिया के तौर पर देखा जा रहा है। वहीं, बीडीए के अधिकारी मानक पूरे न होने का हवाला दे रहे हैं। बताया जा रहा है कि निर्माण नक्शे के मुताबिक नहीं किया गया था। इसको लेकर जुर्माना भी लगाया गया था, पर संबंधित आपत्तियों का निराकरण नहीं हो सका था। इसी को लेकर सीलिंग की गई है। कार्रवाई से पहले संयुक्त टीम ने बारादरी थाने में चार घंटे तक बैठक कर रूपरेखा तय की।

भाजपा के पूर्व विधायक पप्पू भरतौल के भाई रमेश मिश्रा के लक्ष्य रिसॉर्ट को सील करने से पहले बीडीए की टीम बारादरी थाने में डेरा डाले रही। जिला प्रशासन व पुलिस के अधिकारियों के साथ चार घंटे चली मैराथन बैठक में इसकी रणनीति तय की गई। इसके बाद टीम वहां से हरुनगला पहुंची। महज आधे घंटे में रिसॉर्ट को सीलकर वहां से निकल गई।
विज्ञापन

दो आरोपियों की संपत्तियों पर चल चुका है बुलडोजर 
प्लॉट पर कब्जे को लेकर हुई फायरिंग के मामले में अभी सिर्फ मुख्य आरोपी राजीव राना और दूसरे पक्ष के आदित्य उपाध्याय के किले ढहाए गए हैं। पूर्व विधायक समेत 14 लोगों की संपत्तियों की जांच चल रही है। इसमें कितनों के किले ढहाए जाएंगे, इस पर संशय बना हुआ है। बीडीए के अधिकारियों के मुताबिक घटना में शामिल सभी आरोपियों की संपत्ति की जांच चल रही है। पूर्व विधायक पप्पू भरतौल व अन्य की संपत्तियों का ब्योरा खंगाला जा रहा है। अवैध निर्माण पाए जाने पर उनका ध्वस्तीकरण कराया जाएगा।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें