समर्थकों के साथ भाजपा प्रत्याशी छत्रपाल सिंह गंगवार
- फोटो : अमर उजाला
बरेली लोकसभा सीट से भाजपा के प्रत्याशी छत्रपाल सिंह गंगवार ने जीत दर्ज की। उन्होंने सपा के प्रवीण सिंह ऐरन को 56 हजार से अधिक वोटों से हराया। जीत के बाद छत्रपाल गंगवार का समर्थकों ने स्वागत किया। वहीं आंवला सीट पर भाजपा और सपा के बीच कड़ा मुकाबला हुआ। इसमें सपा ने भाजपा को हरा दिया। यहां से सपा के नीरज मौर्य ने 15 हजार से अधिक वोटों से भाजपा के धर्मेंद्र कश्यप को हराया।
परसाखेड़ा स्थित वेयर हाउस में बरेली की पांच, आंवला की तीन और पीलीभीत की बहेड़ी विधानसभा की मतगणना के लिए नौ हॉल निर्धारित किए गए। पोस्टल बैलेट और ईडीसी (इलेक्शन ड्यूटी सर्टिफिकेट) मतों की गणना के लिए दो अतिरिक्त हॉल निर्धारित रहे। प्रत्येक हॉल में 14 टेबल लगाई गईं। यानी, एक साथ 14 टेबल पर 14 ईवीएम के वोट गिने गए।
सुबह छह से शुरू हुई थी प्रक्रिया, आठ बजे से मतगणना
परसाखेड़ा स्थित मतगणना स्थल पर बरेली, आंवला लोकसभा क्षेत्र की मतगणना मंगलवार सुबह आठ बजे शुरू हुई। 128 टेबलों पर 512 कार्मिक ने मतों की गणना की। प्रत्याशी, एजेंट की मौजूदगी में सुबह छह बजे स्ट्रांग रूम से ईवीएम, कोषागार से पोस्टल बैलेट मतगणना स्थल लाए गए।
प्रत्येक गतिविधि पर सीसीटीवी कैमरों की नजर
मतगणना के लिए पूरे परिसर में सीसीटीवी कैमरे लगाए गए थे। जिनसे परिसर में होने वाली हर गतिविधि पर नजर रखी गई। मतगणना की रिकॉर्डिंग सुरक्षित रखी जाएगी। मतगणना संबंधी फोटो के लिए कार्मिक लगाए गए। बगैर अनुमति कोई फोटो नहीं ले सकेगा।
किस लोकसभा क्षेत्र से कौन थे प्रत्याशी
बरेली सीट : भाजपा के छत्रपाल सिंह गंगवार, सपा के प्रवीण सिंह ऐरन, पीपुल्स पार्टी ऑफ इंडिया डेमोक्रेटिक के भूपेंद्र कुमार मौर्य, सम्राट मिहिर भोज समाज पार्टी के जगपाल सिंह यादव, भारत जोड़ो पार्टी के मोहम्मद नाजिम अली, पीस पार्टी के इरशाद अंसारी एडवोकेट, सरदार पटेल सिद्धांत पार्टी के रवि कुमार, जनशक्ति एकता पार्टी के रोहताश कश्यप, निर्दलीय में नितिन मोहन, आशीष गंगवार, वसीम मियां, आयशा बी, बुद्धप्रिय कर्मराज राहुल।
आंवला सीट : भाजपा के धर्मेंद्र कश्यप, सपा के नीरज मौर्य, बसपा के आबिद अली, सरदार पटेल सिद्धांत पार्टी के राज कुमार पटेल, भारतीय शक्ति चेतना पार्टी के निर्मोद कुमार सिंह, पीस पार्टी के कौसर खान, बहुजन मुक्ति पार्टी के मक्खन लाल, वंचित समाज इंसाफ पार्टी के प्रेमपाल सागर, भारत जोड़ो पार्टी के मोहम्मद आमिर खान।
कहां कितने पुरुष-महिला मतदाताओं ने डाले वोट
बरेली में 19,24,434 मतदाताओं के सापेक्ष 11,16,749 मतदाताओं ने मतदान किया था। 15 थर्ड जेंडर ने भी सहभागिता निभाई थी। मतदान 58.03 फीसदी रहा।
विधानसभा - पुरुष -महिला
मीरगंज - 1,18,310 - 1,01,797
भोजीपुरा -1,38,962 - 1,15,188
नबावगंज -1,19,240 - 98,800
बरेली शहर - 1,29,539 - 1,03,416
बरेली कैंट -1,05,320 - 86,112
आंवला में 18,91,713 मतदाताओं के सापेक्ष 10,86,687 मतदाताओं ने मतदान किया था। नौ थर्ड जेंडर भी शामिल रहे। मतदान 57.44 फीसदी रहा। विधानसभा पुरुष महिला
शेखूपुर - 1,21,861 - 1,03,626
दातागंज - 1,25,018 - 98,788
फरीदपुर - 1,13,535 - 89,440
बिथरी - 1,34,893 - 1,10,534
आंवला - 1,01,793 - 87,190
नोट : पोस्टल बैलेट से बरेली में 356 मतदाताओं के सापेक्ष 325 ने मताधिकार का प्रयोग किया था जो 94.07 फीसदी रहा। आंवला में 325 मतदाताओं के सापेक्ष 253 ने वोट डाले, जो 91.29 फीसदी रहा।