सबसे महंगी बिकी पांच हजार रुपये किलो की पिस्ता लौंज
दिवाली के अवसर पर बाजारों में खूब चहल-पहल रही और मिठाइयों की भारी बिक्री हुई। इस बार शहर में पांच हजार रुपये प्रति किलो में बिकने वाली पिस्ता लौंज आकर्षण का मुख्य केंद्र रही। दुकानदार अमित आहूजा ने बताया कि उन्होंने हर साल कुछ नया पेश करने के प्रयास में पिस्ता और अन्य सूखे मेवों से यह लौंज तैयार की थी। यह विशेष मिठाई शनिवार दोपहर तक पूरी तरह बिक चुकी थी।
त्योहार के इस मौसम में शुगर फ्री मिठाइयों, बंगाली मिठाइयों, काजू कतली, अंजीर बर्फी, मेवा लड्डू, केसरिया मिठाई और बूंदी के लड्डुओं की भी अच्छी मांग रही। मिठाइयों के अलावा, उपहार पैक, चॉकलेट और सूखे मेवों की भी बड़े पैमाने पर बिक्री हुई। उपहार पैक 250 रुपये से शुरू होकर विभिन्न श्रेणियों में उपलब्ध थे। चॉकलेट के आकर्षक पैक भी काफी लोकप्रिय रहे।