बरेली। शैक्षिक सत्र 2025-26 के अंतर्गत स्पोर्ट्स फॉर स्कूल कार्यक्रम के तहत आयोजित होने वाली प्रदेश स्तरीय विद्यालयीय खेलकूद प्रतियोगिताओं में इस बार बरेली मंडल को टेबल टेनिस और बैडमिंटन प्रतियोगिताओं की मेजबानी मिली है।
23 अगस्त से 26 अगस्त तक अंडर-14, 17 और 19 आयु वर्ग के बालक-बालिकाओं के लिए प्रतियोगिताओं के आयोजन की तारीख रखी गई है।
प्रतियोगिताओं में माध्यमिक शिक्षा विभाग के साथ-साथ बेसिक शिक्षा विभाग के तहत संचालित विद्यालयों के कक्षा छह से आठ तक के विद्यार्थियों को भी अंडर-14 आयु वर्ग में प्रतिभाग करने का अवसर मिलेगा।
इसमें 15 जुलाई से तीन नवंबर तक अलग-अलग मंडलों में प्रतियोगिताओं का आयोजन होगा। प्रदेश स्तरीय प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग करने का अवसर मिलेगा।
प्रतियोगिताओं के आयोजन के लिए जनपद स्तरीय क्रीड़ा समिति में पदेन अध्यक्ष और उपाध्यक्ष के रूप में डीआईओएस, बीएसए रहेंगे। इसके साथ ही राजकीय बालक और बालिका इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य, खंड शिक्षा अधिकारी समेत 20 सदस्य शामिल रहेंगे। संवाद