फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

बरेली: दो प्लांटों के संचालन में देरी ले डूबी अवॉर्ड, स्वच्छ शहर लीग की किसी भी श्रेणी में नहीं मिला स्थान

Thu, 12 Nov 2026 10:13 AM IST
Mukesh Kumar अमर उजाला ब्यूरो, बरेली

सार

बरेली को स्वच्छ शहर लीग में कोई स्थान नहीं मिला है। नगर आयुक्त संजीव कुमार मौर्य ने कहा कि कूड़ा निस्तारण संयंत्रों के समय पर संचालन शुरू हो जाता तो शहर को पुरस्कार मिल सकता था। निगम को अब स्वच्छ सर्वेक्षण की अंतिम रैंकिंग में बेहतर स्थिति की उम्मीद है।
विज्ञापन
सथरापुर में लगा सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट प्लांट। - फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

बरेली में कूड़ा निस्तारण के लिए प्रस्तावित परियोजनाओं में देरी का असर स्वच्छ सर्वेक्षण के परिणाम पर दिखने लगा है। स्वच्छ शहर लीग में बरेली को किसी भी श्रेणी में स्थान नहीं मिला। सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट प्लांट और सीएंडडीएस प्लांट के संचालन में हुई देरी को इसकी प्रमुख वजह माना जा रहा है। अब नगर निगम की निगाहें एक-दो दिन में जारी होने वाली स्वच्छ सर्वेक्षण की अंतिम रैंकिंग पर टिकी है।

विज्ञापन


स्वच्छ शहर लीग में दस लाख से अधिक आबादी वाले शहरों की श्रेणी में लखनऊ को तीसरा स्थान मिला है, जबकि इसी श्रेणी में शामिल बरेली को जगह नहीं मिली। नगर आयुक्त संजीव कुमार मौर्य ने बताया कि सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट प्लांट और सीएंडडीएस प्लांट का संचालन समय पर शुरू हो जाता तो शहर को पुरस्कार मिलने की संभावना बन सकती थी। लीगेसी वेस्ट प्लांट संचालित है और कूड़ा निस्तारण की व्यवस्था को बेहतर बनाने के प्रयास किए जा रहे हैं। सर्वेक्षण की रैंकिंग जारी होनी बाकी है। इसमें शहर की स्थिति बेहतर होने की उम्मीद है।

यह भी पढ़ें- पंच दीपोत्सव पर चमका बाजार: बरेली में 2065 करोड़ का कारोबार, ऑटोमोबाइल सेक्टर ने भरी रफ्तार, गहने भी खूब बिके
विज्ञापन


स्वच्छ सर्वेक्षण में शहर की कूड़ा उठान व्यवस्था से लेकर उसके वैज्ञानिक तरीके से निस्तारण तक कई बिंदुओं का मूल्यांकन किया जाता है। घरों से कूड़ा एकत्र करने, गीले और सूखे कचरे को अलग करने, प्रसंस्करण और सार्वजनिक स्थानों की सफाई का भी महत्व रहता है। ऐसे में कचरा प्रबंधन से जुड़ी परियोजनाओं के समय पर शुरू नहीं होने का असर शहर के प्रदर्शन पर पड़ सकता है। अब निगम के सामने इन व्यवस्थाओं को प्रभावी बनाने की चुनौती है। 

Trending Videos

सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट प्लांट व रोबोटिक मशीन से रैंकिंग में उछाल की उम्मीद
नगर आयुक्त संजीव कुमार मौर्य के मुताबिक, निगम ने कूड़ा निस्तारण से लेकर नालों और सड़कों की सफाई तक की व्यवस्थाओं में बदलाव किए हैं। शहर में कई मैटेरियल रिकवरी फैसिलिटी (एमआरएफ) सेंटर बनाए गए हैं, जहां प्रतिदिन कूड़े का निस्तारण किया जा रहा है। गीले और सूखे कूड़े को अलग-अलग करने की व्यवस्था भी लागू है। सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट प्लांट शुरू होने से बाकरगंज में वर्षों से जमा कूड़े के पहाड़ से लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है। 

इस साल कूड़ा उठाने वाली गाड़ियों की संख्या भी बढ़ाई है। नालों की सफाई के लिए रोबोटिक मशीन मंगाई गई है। सड़कों और प्रमुख बाजारों की सफाई के लिए रात में भी कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई जा रही है। जुलाई और अगस्त में केंद्रीय टीम ने शहर के कई वार्डों का निरीक्षण किया था। इस दौरान कुछ लोगों ने संतोषजनक प्रतिक्रिया दी, जबकि कई जगह स्थानीय लोगों ने नकारात्मक फीडबैक भी दिया था। अब नगर निगम को उम्मीद है कि सफाई व्यवस्था में किए गए बदलावों का असर रैंकिंग पर दिखाई देगा।

2024 में 20वीं रैंक हासिल कर चुका है शहर
स्वच्छ सर्वेक्षण में बरेली की रैंकिंग में पिछले वर्षों में काफी उतार-चढ़ाव रहा है। वर्ष 2017 में शहर 298वें स्थान पर था। 2018 में रैंकिंग गिरकर 322वें स्थान पर पहुंच गई। इसके बाद 2019 में 117वीं, 2020 में 149वीं, 2021 में 153वीं, 2022 में 137वीं और 2023 में 80वीं रैंक मिली थी। वर्ष 2024 में बरेली ने सुधार करते हुए 20वां स्थान हासिल किया था। अब 2025 के सर्वेक्षण की नई रैंकिंग का इंतजार है।

13 बिंदुओं पर लिया गया फीडबैक
स्वच्छ सर्वेक्षण के दौरान शहरवासियों से स्वच्छता से जुड़े 13 बिंदुओं पर ऑनलाइन और ऑफलाइन फीडबैक लिया गया था। इसमें घरों के आसपास सफाई, कूड़ा संग्रहण और निस्तारण जैसी व्यवस्थाओं को लेकर नागरिकों की राय महत्वपूर्ण रही। सर्वेक्षण में नागरिकों की भागीदारी के साथ नगर निगम की ओर से उपलब्ध कराई गई जानकारी को भी मूल्यांकन का हिस्सा बनाया गया।
विज्ञापन

शहर की सफाई व्यवस्था से पार्षद भी संतुष्ट नहीं
सपा पार्षद राजेश अग्रवाल ने बताया कि सफाई के नाम पर अधिकारियों ने निगम का निजीकरण कर दिया है। इसके बावजूद शहर में सफाई की स्थिति बहुत खराब है। कर्मचारी मनमाने तरीके से काम कर रहे हैं। इस कारण समस्या होती है। 

सपा पार्षद शमीम अहमद ने कहा कि डोर-टू-डोर कूड़ा उठान की स्थिति खराब है। एजेंसी के कर्मचारी मनमानी करते हैं। इन पर निगम के अधिकारियों का कोई अंकुश नहीं है। कई जगह डलावघर बना दिए हैं। वहां से कूड़े का उठान भी नहीं होता। 

भाजपा पार्षद सतीश कातिब ने कहा कि पिछले साल स्वच्छ सर्वेक्षण में हम 20वें स्थान पर रहे थे। इस बार भी अच्छी रैंकिंग आने की उम्मीद है। सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट प्लांट की शुरुआत हो गई है। आने वाले दिनों में कूड़े से भी राहत मिलेगी। 

भाजपा पार्षद पुष्पेंद्र माहेश्वरी ने कहा कि समय पर कार्य का निस्तारण नहीं हो पा रहा है। नगर निगम के अधिकारी सुनते ही नहीं हैं। सफाई व्यवस्था चरमराई हुई है। इसी वजह से हम अवाॅर्ड की दौड़ से भी बाहर हो गए हैं। रैंकिंग भी प्रभावित हो सकती है। 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें