अयूब खां चौराहे के पास धंस रही सड़क।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो, बरेली
बरेली। सीवर लाइन डालने के लिए की गई बेढंगी खुदाई से चौपुला और अयूब खां चौराहे के बीच सड़क और धंसने के साथ उसका डिवाइडर भी उखड़कर एक तरफ लटक गया है। जल निगम ने इसकी ठीक से मरम्मत कराने के बजाय सड़क पर पड़ी गहरी दरार में गिट्टी का मसाला भर दिया है जिसके बाद खतरा और बढ़ गया है। लोगों का कहना है कि सड़क पर पड़ी दरार पहले दूर से ही दिखने से गाड़ियां उससे बचकर निकल रही थीं लेकिन अब इस धंसी हुई सड़क पर गुजरने वाले भारी वाहन कभी भी हादसे का शिकार हो सकते हैं।
जल निगम लगभग पूरे शहर में सीवर लाइन डालने के लिए सड़कों पर गहरी खुदाई कर रहा है। दो दिन पहले चौपुला और अयूब खां चौराहे के बीच बगैर सोचे-समझे खुदाई करने से हनुमान मंदिर के सामने वाली सड़क के नीचे काफी मिट्टी खिसक गई जिसकी वजह से काफी लंबाई में दरार पड़ने के साथ सड़क नीचे धंस गई। दरार चौड़ी होने के साथ यह सड़क लगातार नीचे धंसती जा रही है। अब जल निगम ने इस दरार को छुुपाने के लिए उसे गिट्टी मसाला डालकर भर दिया है। अब इससे यहां खतरा और बढ़ गया है।
दरअसल गिट्टी मसाला भर दिए जाने से डिवाइडर के नीचे सड़क की दरार दिखनी बंद हो गई है। सड़क अभी भी धंसी हुई है। पहले दूर से सड़क धंसी दिख रही थी तो वाहन सावधानी से गुजर रहे थे। अब यहां से सड़क धंसी नहीं दिख रही है। इससे वाहन यदि किनारे की ओर गए तो यहां कभी भी पलट सकते हैं।
चौपुला चौराहे से पहले सर्विस रोड भी उखड़ी
चौपुला चौराहे चौराहे से पहले एक पेड़ खड़ा और उसी के पास सेतु निगम ने गिट्टी डलवा दी है। उसके पास में पहले से पिलर बनाए जा चुके हैं जिससे यहां का रास्ता पहले से काफी संकरा हो चुका है। रही-सही कसर सर्विस रोड के पूरी तरह उखड़ने से पूरी हो गई है। यहां से गुजरने वालों के साथ दुकानदारों को भी भारी दिक्कतें हो रही है। दुकानदारों का कहना है कि सर्विस रोड ही ठीक करा दी जाए तो कम से कम वाहनों का आवागमन तो आसानी से होता रहेगा।