बरेली के सुभाष नगर के एक परिवार के कोरोना संक्रमित होने की पुष्टि के बाद अब उन लोगों को खोजा जा रहा है, जो बस में संक्रमित युवक के साथ थे। इस बाबत बुधवार को रोडवेज के अफसरों ने सीएमओ को बताया कि बस में कुल 42 लोग सवार थे, जिनमें से 25 यात्रियों का पता नहीं चल रहा है।
ऐसे में सीएमओ ने उन सभी लोगों से खुद ही क्वारंटीन होने की अपील की है। बता दें कि पिछले दिनों नोएडा से वापस आए युवक के कोरोना संक्रमित होने की पुष्टि के बाद जिस बस से वह आया था, उसमें बैठे लोगों के बारे में स्वास्थ्य विभाग के अफसरों ने रोडवेज के अफसरों से जानकारी मांगी थी।
रिपोर्ट के मुताबिक बस में कुल 42 लोग सवार थे। 17 लोगों ने ऑनलाइन टिकट बुक कराया था, इसलिए उनका पता और फोन नंबर आदि मिल गया। इसके अलावा 25 लोगों ने मैन्युअल टिकट के जरिये यात्रा की थी। इन लोगों का पता और फोन नंबर की जानकारी न होने से चिंता बढ़ी हुई है।
अब दोनों विभाग मिलकर उन यात्रियों की खोजबीन कर रहे हैं, जिन्होंने बस के लिए टिकट खरीदा था ताकि उनको होम क्वारंटीन किया जा सके। बस में बैठे यात्रियों से अपील की जा रही है कि अगर, तबीयत खराब होती है तो इसकी जानकारी तत्काल स्वास्थ्य विभाग को दें।
सीएमओ डॉ. वीके शुक्ल ने बताया कि बस में सवार लोगों की स्क्रीनिंग की जा सके, इसलिए रोडवेज से सवारियों की जानकारी मांगी गई थी। 22 मार्च को जो लोग बस से बरेली आए हैं, वह खुद ही क्वारंटीन हो जाएं ताकि उनका परिवार सुरक्षित रहे। इसमें अगर वे कोताही करेंगे तो उनके परिजन और शहर के तमाम लोगों में संक्रमण फैलने की आशंका है।