बरेली। रुहेलखंड विश्वविद्यालय की ओर से आयोजित एलएलबी प्रवेश परीक्षा (इंंट्रेंस) में सफल अभ्यर्थियों का प्रवेश बरेली काॅलेज को 20 अगस्त तक पूरा कराना होगा। कुलसचिव ने प्राचार्य को पत्र जारी कर हर हाल में निर्धारित तिथि तक प्रवेश प्रक्रिया पूरी करने को कहा।
इधर, पत्र पर कॉलेज प्रबंधन ने आपत्ति जताई है। प्रवेश समिति का तर्क है कि महज 20 दिन में एलएलबी पाठ्यक्रम में प्रवेश संबंधी सूचना प्रकाशित कराना, अभ्यर्थियों से आवेदन प्राप्त करना, प्रवेश परीक्षा में प्राप्त रैंक के आधार पर मेरिट सूची तैयार करना, अभ्यर्थियों के मूल शैक्षणिक, आरक्षण, भारांक (अगर है) तो आदि प्रपत्रों के परीक्षण के बाद निर्धारित सीट संख्या पर नियमानुसार 20 दिन में प्रवेश संपन्न कराना कठिन है। साथ ही, अगले तीन दिन यानी 23 अप्रैल तक प्रवेशित अभ्यर्थियों का विवरण मेल और 25 अगस्त तक हार्डकॉपी से देना जरूरी है।
बीते वर्षों में एलएलबी की प्रवेश प्रक्रिया में तमाम अड़चनें आती रही हैं। लिहाजा, तिथि बढ़ाने की मांग विश्वविद्यालय से की जा रही है। ताकि शांतिपूर्ण माहौल में बगैर किसी मानसिक परेशानी और अड़चन के अभ्यर्थियों की प्रवेश प्रक्रिया नियमानुसार संपन्न कराई जा सके। ब्यूरो
20 अगस्त तक होगा स्नातकोत्तर
में पंजीकृत विद्यार्थियों का प्रवेश
बरेली। रुहेलखंड विश्वविद्यालय ने स्नातकोत्तर पाठ्यक्रम में प्रवेश के लिए 30 जुलाई तक पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन करने वाले विद्यार्थियों का प्रवेश सुनिश्चित कराने के निर्देश जारी किए हैं। कुलसचिव संजीव कुमार की ओर से जारी पत्र के अनुसार, 30 जुलाई तक पंजीकृत विद्यार्थियों की मेरिट तैयार कर नियमानुसार प्रवेश प्रक्रिया पूरी करानी होगी। ब्यूरो
-
समर्थ पोर्टल पर दर्ज करें स्नातक में प्रवेश लेने वाले विद्यार्थियों का रिकॉर्ड
- 30 जुलाई तक कई महाविद्यालय पोर्टल पर दर्ज नहीं कर सके डेटा
अमर उजाला ब्यूरो
बरेली। रुहेलखंड विश्वविद्यालय परिसर और संबद्ध महाविद्यालयों में स्नातक में प्रथम, द्वितीय चरण में ऑनलाइन पंजीकरण से प्रवेश प्रक्रिया पूरी हो गई है। अब कुलसचिव संजीव कुमार ने विद्यार्थियों का रिकॉर्ड समर्थ पोर्टल पर दर्ज करने के लिए दिशानिर्देश जारी किए हैं।
जारी पत्र के अनुसार 24 जुलाई को सभी महाविद्यालयों में स्नातक स्तर पर समर्थ पोर्टल पर ऑनलाइन प्रवेश सुनिश्चित करने के लिए अंतिम तिथि 31 जुलाई निर्धारित की गई थी। पर 30 जुलाई कुछेक महाविद्यालयों ने भी डेटा दर्ज किया है। ज्यादातर प्राचार्यों ने तिथि बढ़ाने की मांग की थी। मांग का संज्ञान लेकर कुलपति ने सात अगस्त तक तिथि बढ़ा दी है। इस दौरान स्नातक स्तरीय पाठ्यक्रम में प्रवेश लेने वाले विद्यार्थियों का डेटा समर्थ पोर्टल पर ऑनलाइन लॉक करने की तिथि सात जुलाई तक बढ़ा दी है। तकनीकी खामी आने पर कंप्यूटर सेंटर में संपर्क को कहा है।