बरेली। टिकटॉक और सेल्फी के दीवाने युवाओं ने बरेली कॉलेज को मॉडलिंग का अड्डूा बना दिया है। शुक्रवार को भी प्रॉक्टोरियल बोर्ड ने कई छात्राओं को सेल्फी लेते पकड़ा। इनमें से एक छात्रा हल्द्वानी से बरेली कॉलेज में पढ़ने वाली अपनी परिचित छात्रा से मिलने आई थी। वह कॉलेज में पोज बनाकर फोटो सेशन करा रही थी।
शासन के निर्देशों के बाद बरेली कॉलेज में मोबाइल के अनावश्यक इस्तेमाल पर सख्ती शुरू कर दी गई है। रोजाना ही छात्र-छात्राओं को चेतावनी भी दी जा रही है, लेकिन वे सेल्फी का मोह नहीं छोड़ पा रहे हैं। शुक्रवार को प्रॉक्टोरियल बोर्ड ने चार छात्राओं को कैंपस में सेल्फी लेते पकड़ा। इनमें हल्द्वानी की एक छात्रा भी शामिल थी। वह पोज बनाकर दूसरी छात्रा से फोटो खिंचवा रही थी। सभी को चीफ प्रॉक्टर डॉ. वंदना शर्मा के पास ले जाया गया तो उन्होंने डांट लगाई। कॉलेज की चारों छात्राओं से माफीनामा लिखवाकर उनका आईकार्ड पंच करके चेतावनी दर्ज करा दी। हल्द्वानी की छात्रा को दोबारा कॉलेज न आने की हिदायत दी गई।