बरेली। बरेली कॉलेज के गणित विभाग में मचा घमासान शांत होता नजर नहीं आ रहा। चर्चा है कि समझौते के प्रयास विफल हो गए हैं और अब इस मामले पर घमासान बढ़ सकता है। यह विवाद कॉलेज की जांच से आगे बढ़कर विश्वविद्यालय या शासन तक भी पहुंच सकता है।
पिछले दिनों बरेली कॉलेज के गणित विभाग में विवाद हो गया था। आरोप हैं कि चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी मुकेश ने एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. आरिफ नदीम की छुट्टी का प्रार्थनापत्र प्राचार्य के पास ले जाने से इनकार किया था। इस पर डॉ. आरिफ ने साथी शिक्षिका डॉ. पूनम सिंह के सामने उनके विभागाध्यक्ष पति डॉ. स्वदेश सिंह को काफी खरीखोटी सुनाई थीं। इस मामले में डॉ. पूनम ने अभद्रता और उत्पीड़न का आरोप लगाकर प्राचार्य से शिकायत की थी, जिसकी जांच डॉ. नसीम अख्तर, डॉ. वंदना शर्मा और डॉ. अनीता सिंह की कमेटी कर रही है। शनिवार को इस कमेटी ने दोनों ही पक्षों को बैठाकर अलग-अलग बात की और समझौते के प्रयास कराए। मगर कहा जा रहा है कि कमेटी के सुझाव से सहमति न बनने के चलते समझौते के प्रयास विफल हो गए। इसके चलते अब यह मामला और ज्यादा तूल पकड़ने की संभावना बन रही है। हालांकि प्राचार्य डॉ. अनुराग मोहन का कहना है कि वह इस मामले को हर हाल में हल कराने का प्रयास करेंगे।