बरेली। भाजपा कार्यालय से शुरू हुई बीकॉम और बीएससी के दो छात्रों की तनातनी बरेली कॉलेज तक पहुंच गई। शुक्रवार को बाहरी युवकों को बुलाकर दोनों गुट कॉलेज में भिड़ गए। प्रॉक्टोरियल बोर्ड ने दोनों को पकड़कर मामला शांत कराया। लिखित माफीनामा देने के बाद छात्रों के आईकार्ड पर चेतावनी लिखकर छोड़ दिया गया है। अगली बार विवाद पर उन्हें सस्पेंड करने और तीसरी बार विवाद पर ब्लैकलिस्ट करने की चेतावनी दी है।
खुद को भाजपा युवा मोर्चा का सेक्टर अध्यक्ष बताने वाला उत्कर्ष मिश्रा बरेली कॉलेज में बीकॉम प्रथम वर्ष और भाजपा कार्यकर्ता अर्पण गर्ग बीएससी प्रथम वर्ष का छात्र है। बताया जाता है कि इनके बीच पहले से ही किसी बात को लेकर विवाद है। बृहस्पतिवार को उनके बीच भाजपा कार्यालय पर भी कहासुनी हुई थी। शुक्रवार को दोनों बरेली कॉलेज पहुंचे तो उनमें विवाद हो गया। कहासुनी के बाद दोनों ने बैरियर पर बाहरी युवकों को बुला लिया। इसके बाद जब बैरियर पर दोनों गुट सामने आए तो उनमें मारपीट होने लगी। मौके पर पहुंचे प्रॉक्टोरियल बोर्ड के सदस्यों ने उत्कर्ष और अर्पण को पकड़कर, बाकी सभी को भगा दिया। दोनों को चीफ प्रॉक्टर ऑफिस ले जाकर उनके परिवार वालों को बुलवाया गया। वहां दोनों ने लिखित में माफी मांगी तो उनके आईकार्ड पर चेतावनी लिखकर छोड़ दिया गया। इस शैक्षिक सत्र का यह पहला मामला है।
कॉलेज में अनुशासनहीनता बर्दास्त नहीं की जाएगी। छात्रों के आईकार्ड पर पहली वार्निंग लिख दी गई है। दोबारा गलती करने पर सस्पेंड किए जाएंगे और तीसरी बार विवाद किया तो ब्लैकलिस्ट कर दिया जाएगा।
- डॉ. वंदना शर्मा, चीफ प्रॉक्टर, बरेली कॉलेज