बरेली। ब्रिटिश शासनकाल में स्थापित बरेली कॉलेज का बुधवार को 182वां स्थापना दिवस मनाया गया। चार पूर्व छात्र और कॉलेज में विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राएं सम्मानित किए गए। इस दौरान मुख्य अतिथि पूर्व स्वास्थ्य मंत्री डॉ. दिनेश जौहरी ने कॉलेज में हर साल अस्थाई कर्मचारियों को हटाने और फिर लगाने के मुद्दे पर सवाल उठाया।
कार्यक्रम के दौरान मुख्य अतिथि ने कहा कि कर्मचारियों के मुद्दे पर हाल साल कॉलेज की बदनामी होती है। इस मुद्दे का स्थायी हल ढूंढकर समाधान करना चाहिए ताकि कॉलेज में पठन-पाठन का माहौल बना रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता पूर्व प्राचार्य डॉ. एमएस भटनागर ने की। इस दौरान अपने क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए कॉलेज के पूर्व छात्र डॉ. गिरीश अग्रवाल, डॉ. भ्रमरेश शर्मा, अधिवक्ता मिलन गुप्ता और पूर्व प्राचार्य डॉ. अनिल शर्मा को सम्मानित किया गया। इसके साथ ही एनसीसी, एनएसएस, रोवर-रेंजर्स वाद-विवाद प्रतियोगिता एवं खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले कॉलेज के छात्र-छात्राओं को भी सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के दौरान प्राचार्य डॉ. अजय शर्मा, उप प्राचार्य डॉ. पूर्णिमा अनिल, चीफ प्रॉक्टर डॉ. वंदना शर्मा, डॉ. अनुराग मोहन समेत कॉलेज के तमाम शिक्षक मौजूद रहे।