कॉलेज प्रशासन ने जारी किया स्नातक प्रथम वर्ष की रिक्त सीट का चार्ट
विज्ञापन
आज से 16 अगस्त रात बारह बजे तक कर सकते हैं आवेदन
बरेली। रुहेलखंड विश्वविद्यालय की ओर से प्रवेश परीक्षा की जिम्मेदारी मिलने के बाद अब महाविद्यालयों ने प्रवेश प्रक्रिया की कवायद तेज कर दी है। शनिवार को बरेली कॉलेज की प्रवेश समिति की ओर से प्रवेश संबंधी दिशानिर्देश जारी कर वेबसाइट पर अपलोड कर दिए हैं। रविवार से 16 अगस्त की रात बारह बजे तक कॉलेज की वेबसाइट पर विद्यार्थी ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
बरेली कॉलेज के प्रवेश समन्वयक डॉ. वीपी सिंह ने बताया कि प्रवेश प्रक्रिया के लिए सारी तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। पहले चरण में स्नातक प्रथम वर्ष की कक्षा में प्रवेश के लिए कार्यक्रम घोषित कर दिया गया है। फ्री सीट और पेड सीट के तहत निर्धारित शुल्क अदा कर विद्यार्थी ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। प्रवेश शुल्क रुहेलखंड विश्वविद्यालय की ओर से सौ रुपये निर्धारित किया गया है। उन्होंने बताया कि परास्नातक की प्रवेश प्रक्रिया का कार्यक्रम भी जल्द जारी किया जाएगा। कॉलेज में अबकी बार स्नातक और परास्नातक में कुल 17-18 हजार विद्यार्थियों के प्रवेश लेने की उम्मीद है। उन्होंने बताया कि व्यवसायिक पाठ्यक्रमों के चल रहे ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया के तहत शनिवार को बीबीए में 72, बीसीए में 51, बीकॉम ऑनर्स में 73, बीलिब में दो, डिप्लोमा फोटोग्राफी में एक, डिप्लोमा फैशन डिजायनिंग में एक ऑनलाइन आवेदन हुआ है।
किस पाठ्यक्रम में कितनी सीट
बीएससी गणित: 880
प्राणि विज्ञान समूह: 720
बीकॉम: 1040
बीए: 1840
स्ववित्त पोषित पाठ्यक्रम
बीकॉम ऑनर्स: 160
बीबीए: 220
बीसीए: 140
बीलिब: 40
‘स्नातक के विभिन्न पाठ्यक्रमों में ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया आठ अगस्त से शुरू हो जाएगी। प्रवेश के इच्छुक विद्यार्थी 16 अगस्त तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन संबंधी सभी जानकारियां महाविद्यालय की वेबसाइट पर अपलोड कर दी गई है।’ - डॉ. राजीव मेहरोत्रा, प्रवेश समन्वयक, बरेली कॉलेज