सुबह छाया रहा कोहरा
तीन दिन से निकल रही चटक धूप का आनंद ले रहे लोगों को सोमवार की सुबह कोहरे का सामना करना पड़ा। रविवार सुबह सर्द हवा के साथ तेज धूप निकली। दिनभर लोगों ने गुनगुनी धूप का आनंद लिया और शीतलहर ने कंपकंपी का अहसास कराया। अधिकतम पारा 1.3 डिग्री लुढ़ककर सामान्य से एक डिग्री अधिक 19.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। शाम को फिर सर्द हवा का सितम शुरू हुआ। शीतलहर चलने से रात के तापमान में गिरावट हुई। तापमान चार डिग्री सेल्सियस से नीचे पहुंच गया।
मंगलवार को भी कोहरा छाने का अनुमान
आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के विशेषज्ञ अतुल कुमार के मुताबिक, उत्तर-पश्चिम दिशा से चल रही हवा का प्रवेश शहर में होने पर ठिठुरन बढ़ी है। साथ ही, बादल भी मंडराने के आसार बन रहे हैं। इससे मंगलवार को सुबह-शाम कोहरा छाने का अनुमान है। इससे ठंड का ग्राफ बढ़ेगा। पश्चिमी विक्षोभ से पहाड़ों की हवा के प्रवेश से लोगों को शीतलहर का सितम सहना पड़ सकता है।