बरेली। इज्जतनगर मंडल के बरेली सिटी और भोजीपुरा रेलवे स्टेशन के बीच 18 किमी रेल लाइन के दोहरीकरण को कितना बजट मिला है, पिंक बुक आने के बाद स्पष्ट हो सकेगा। इसका प्रस्ताव 2022 में भेज दिया गया था। दोहरीकरण की इस परियोजना के लिए 135 करोड़ का डीपीआर बनाया गया था।
बरेली सिटी से भोजीपुरा के बीच सिंगल लाइन है। भोजीपुरा से एक रेल लाइन पीलीभीत और एक किच्छा होते हुए काठगोदाम तक जाती है। भोजीपुरा-बरेली सिटी के बीच दोहरी रेल लाइन न होने के कारण कई बार एक ट्रेन को पास कराने के लिए दूसरी ट्रेनों को देर तक रोकना पड़ता है। इस रेल लाइन के दोहरीकरण के लिए 2019 में कवायद शुरू हुई ही। 2022 में सर्वे के बाद डीपीआर रेलवे बोर्ड को भेज दिया गया। रेलवे बोर्ड से दोहरीकरण की स्वीकृति मिल गई है लेकिन बजट नहीं मिला था। इस बार बजट में नई घोषणाओं के स्थान पर पुरानी परियोजनाओं को पूरा करने पर जोर दिया गया है। ऐसे में उम्मीद है कि भोजीपुरा-बरेली सिटी रेल लाइन के लिए बजट मिल जाएगा। सीनियर डीसीएम संजीव शर्मा ने बताया कि पिंक बुक आने के बाद ही मदवार बजट की स्थिति साफ हो सकेगी। संवाद