कैफे में तोड़फोड़ करने के छह आरोपी पकड़े
राजेंद्रनगर स्थित डेन कैफे में शनिवार रात कुछ युवकों ने छात्रा की बर्थडे पार्टी में ग्राहकों व कर्मचारियों से मारपीट, गाली-गलौज की थी। कैफे में तोड़फोड़ भी की गई। मना करने पर जान से मारने की धमकी देकर हंगामा काटा गया। कैफे संचालक ने सुभाषनगर निवासी बजरंग दल कार्यकर्ता ऋषभ ठाकुर व मिनी बाइपास रोड निवासी दीपक पाठक समेत 20-25 अन्य पर रिपोर्ट दर्ज कराई है। प्रेमनगर थाना पुलिस सीसी फुटेज व वीडियो समेत अन्य साक्ष्य जुटाकर आरोपियों की पहचान व गिरफ्तारी में जुट गई है।
संबंधित खबर- बरेली कैफे कांड: पुलिस ने छह आरोपियों को किया गिरफ्तार, ऋषभ ठाकुर से बजरंग दल ने किया किनारा
सीओ प्रथम आशुतोष शिवम ने बताया कि नामजद आरोपियों के अलावा पुलिस की जांच में वीर सावरकर नगर निवासी प्रिंस सिंह, आकाश, आशीष उर्फ पारस जौहरी, गगन विहार कॉलोनी निवासी मृदुल उर्फ मनीष दुबे व बन्नूवाल नगर निवासी दीपक पुत्र कालीचरन का नाम प्रकाश में आया। एक नाबालिग आरोपी के भी शामिल होने की पुष्टि हुई। पुलिस ने सभी छह आरोपियों को हिरासत में ले लिया। सोमवार को पांच आरोपियों का चालान कर कोर्ट और नाबालिग को बाल सुधार गृह भेजा गया है।
ऋषभ का संगठन से मतलब नहीं : गौड़
बजरंग दल के महानगर संयोजक केवलानंद गौड़ ने बताया कि ऋषभ ठाकुर का संगठन से कोई मतलब नहीं है। उसे 14 दिसंबर को ही संगठन से निकाल दिया गया था। वह और उसके साथी कोई कृत्य करते हैं तो उसका संगठन से कोई लेना-देना नहीं है।