बरेली। एक से आठ अगस्त तक वाराणसी में आयोजित प्रदेश स्तरीय समन्वय सीनियर महिला फुटबॉल प्रतियोगिता में बरेली मंडल ने सहारनपुर मंडल को 9-0 से करारी शिकस्त दी। पूरे मैच में बरेली की टीम ने बेहतरीन खेल दिखाते हुए अपना दबदबा कायम रखा।
मैच की शुरुआत में सहारनपुर को कुछ अच्छे मौके जरूर मिले, लेकिन बरेली की डिफेंडर पायल सिंह की दमदार डिफेंसिंग ने विरोधियों के हर प्रयास को नाकाम कर दिया। पायल ने कई बार गोल बचाते हुए टीम को शुरुआती दबाव से उभारा और प्रतिद्वंद्वियों को धूल चटाई। मैच के 30वें मिनट में कसक ने दो-तीन खिलाड़ियों को चकमा देते हुए शानदार गोल किया और बरेली मंडल को 1-0 की बढ़त दिलाई। पहला हाफ इसी स्कोर पर समाप्त हुआ। इसके बाद बरेली ने खेल में जबरदस्त आक्रमकता दिखाई। 40वें मिनट में साधना ने गोल दागा। वहीं, 44वें, 48वें और 50वें मिनट में वंशिका ने तीन गोल कर टीम को 5-0 की मजबूत बढ़त दिला दी।
डिफेंडर के रूप में मैच की शुरुआत करने वाली पायल सिंह को कोच ने स्ट्राइकर पोजीशन पर खेलने का मौका दिया। उन्होंने इस मौके को बेहतरीन अंदाज में भुनाया और 60वें, 64वें, 68वें और 70वें मिनट में कुल चार गोल दागकर टीम को विजेता बनाने में अहम योगदान दिया। संवाद