दो जिलों के नौ हाईवे चिह्नित, 28 थाना क्षेत्रों में गठित होंगी क्रिटिकल कॉरिडोर टीमें
बरेली। शासन ने मंडल के बरेली व बदायूं सहित प्रदेश के 20 जिलों में सड़क हादसों में शून्य मृत्यु दर का लक्ष्य रखा है। इस लिहाज से बरेली के पांच और बदायूं के चार क्रिटिकल हाईवे को चिह्नित कर सड़क सुरक्षा से जुड़े उपाय कराए जाएंगे।
डीआईजी बरेली रेंज अजय कुमार साहनी ने बताया कि सड़क हादसों में बढ़ती मौतों को देखते हुए प्रदेश में यातायात व्यवस्था दुरुस्त करने पर शासन का जोर है। सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय के शून्य मृत्यु दर योजना में बरेली और बदायूं जिले शामिल किए गए हैं। बरेली के 17 व बदायूं के 11 थाना क्षेत्रों में क्रिटिकल कॉरिडोर टीम (सीसीटी) गठित करने का निर्देश दिया है। प्रत्येक सीसीटी में एक दरोगा और चार आरक्षी तैनात किए जाएंगे। टीम को प्राथमिक उपचार का प्रशिक्षण दिया जाएगा। यह टीम सड़क दुर्घटना के मामलों में मौके पर जाकर मदद करेगी। सड़क हादसों से संबंधित मामलों की जांच भी यही टीम करेगी। टीम को समय-समय पर विभिन्न परिस्थितियों से निपटने के लिए प्रशिक्षित किया जाएगा। ब्यूरो
टीमों को मिलेंगे अत्याधुनिक संसाधन
क्रिटिकल कॉरिडोर टीम को स्पीड लेजर गन, ब्रीथ एनालाइजर, डेसिबल मीटर, बॉडी वार्न कैमरा जैसे आधुनिक संसाधन उपलब्ध कराए जाएंगे। थाना स्तर पर गठित होने वाली सीसीटी क्षेत्र के संवेदनशील स्थानों की पहचान करेगी। सड़क पर तीव्र कट, गड्ढे, अंधेरा व जिस क्षेत्र में एंबुलेंस देरी से पहुंचती हों, ऐसे स्थलों को चिह्नित कर संबंधित विभागों से समन्वय स्थापित कर सुधार कराएंगी। यातायात नियमों से जुड़े प्रतीक चिह्न भी लगवाए जाएंगे।