उत्तर प्रदेश के बरेली जिले के मीरगंज में नेशनल हाईवे मीरगंज फ्लाईओवर पर बृहस्पतिवार देर रात अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई, जबकि तीसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। तीनों युवक एक ही बाइक पर सवार होकर उत्तराखंड के रुद्रपुर से मनोना धाम जा रहे थे।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को एंबुलेंस से सीएचसी मीरगंज पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने दो युवकों को मृत घोषित कर दिया, जबकि गंभीर रूप से घायल तीसरे युवक को जिला अस्पताल बरेली रेफर कर दिया।
पुलिस के अनुसार, उत्तराखंड के ऊधम सिंह नगर जिले के रुद्रपुर स्थित ट्रांजिट कैंप की कृष्णा कॉलोनी निवासी विकास पुत्र रामौतार, पीयूष पुत्र प्रमोद और प्रिंस पुत्र जगमाल तीनों दोस्त थे। शुक्रवार रात करीब साढ़े बारह बजे तीनों बाइक संख्या UK06BE9053 से मनौना धाम जा रहे थे। मीरगंज फ्लाईओवर के ऊपर पहुंचते ही उनकी बाइक किसी अज्ञात वाहन से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।