बरेली। सुभाषनगर के सर्वोदयनगर निवासी महिलाओं ने बीडीए की जमीन पर कब्जा कर रास्तों को बंद करने और बरातघर बनाने का मामला संपूर्ण समाधान दिवस में उठाई। एसडीएम सदर ने प्रकरण की जांच के निर्देश दिए हैं। शिकायत पुष्टि पर कार्रवाई के लिए कहा है।
महिलाओं का आरोप था कि एक ब्लाॅक प्रमुख के पति ने बीडीए की जमीन पर अवैध कब्जा कर पहले पार्क का नक्शा पास कराया फिर वहां से गुजर रहे दो रास्तों को बंद करा दिया। अब वहां बरातघर बनाया जा रहा है। जो अवैध है। लिहाजा, जांच की मांग की। आदर्श कॉलोनी निवासी अरविंद गौतम ने बरेली-शाहजहांपुर मार्ग से मोहनपुर के लिए जा रहे मार्ग से अवैध कब्जा हटवाने की मांग की। बीडीओ को जांच के निर्देश दिए गए। इन्होंने पीडब्ल्यूडी की ओर से बनाई गई स्थानीय सड़क के जर्जर होने की जानकारी देते हुए घटिया सामग्री प्रयोग का आरोप लगाया।
समाधान के लिए पहुंचीं 45 शिकायतें
तहसील सदर में शनिवार को आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में 45 फरियादी पहुंचे। जिन्हें विभागों को भेजकर निस्तारण के निर्देश दिए हैं। शिकायतों में राजस्व विभाग की 23, पुलिस की आठ, विकास की एक, समाज कल्याण की सात, स्वास्थ्य की एक व पांच अन्य विभागों की रहीं। ब्यूरो