बरेली। मित्रता का रिश्ता सबसे खास होता है। यूं तो दोस्तों के बीच गुजरा हर पल खास होता है, पर बात अंतरराष्ट्रीय मित्रता दिवस की हो तो हर शख्स अपने दोस्त के लिए कुछ खास करने की सोचता है। अगस्त के पहले रविवार को मनाए जाने वाले मित्रता के त्योहार के लिए युवाओं ने खासी तैयारी कर रखी है। शनिवार को बाजार में इसकी झलक देखने को मिली। युवा अपने दोस्तों के लिए उपहार खरीदने में व्यस्त दिखे। इस बार उन्होंने उपहारों के फूल से दोस्ती की फुलवारी को महकाने की तैयारी की है।
बाजार में फ्रेंडशिप बैंड का सर्वाधिक क्रेज है। बाजार में तरह-तरह के रंग-बिरंगे फ्रेंडशिप बैंड मौजूद हैं। डीडीपुरम स्थित गिफ्ट शॉप के मालिक विकास नागपाल ने बताया कि उनके पास तीन रुपये से लेकर 600 रुपये तक के बैंड उपलब्ध हैं। नियॉन बैड की शुरुआत तीन रुपये से हो जाती है। 80 रुपये में लेदर बैंड और 350 रुपये में मेटल के बैंड मिल रहे हैं। वहीं, लड़कियों के लिए 100 रुपये की रेंज में स्टोन वाले चेन स्टाइल ब्रेसलेट उपलब्ध हैं।
कप पर लिखवाएं दिल की बात
आप अपने दोस्त को खास तोहफा देना चाहते हैं तो आप उसे कप पर मेसेज लिखवाकर गिफ्ट कर सकते हैं। इसकी कीमत 300 से लेकर 450 रुपये तक है। तुम जैसा दोस्त मिलना है मुश्किल, तुम हो तो हम हैं, जैसे मेसेज लिखे हैंगिंग फोटो फ्रेम और मग मार्केट में उपलब्ध हैं। इनकी रेंज 300 से लेकर 800 रुपये तक है। संवाद