अमेरिका में एक बाघिन में कोरोना वायरस के संक्रमण मिलने बाद सरकार देशभर में जानवरों को लेकर बेहद चिंतित है। पर्यावरण मंत्रालय ने नेशनल पार्क, अभयारण्यों(सेंच्युरी) और टाइगर रिजर्व के लिए नए सिरे से एक एडवाइजरी जारी की है।
इसके तहत सभी राज्यों से कहा गया है कि वे जंगली जानवरों को लेकर फौरी तौर पर जरूरी कदम उठाएं। भारतीय पशु चिकित्सा एवं अनुसंधान संस्थान (आईवीआरआई) निदेशक डाक्टर आरके सिंह ने बताया कि उन्हें इससे संबंधित पत्र मिल गया है। वह जांच करने के लिए तैयार हैं।
वन विभाग से जानवरों के सैंपल मिलते ही टीम जांच में जुट जाएगी। पत्र में संयुक्त सचिव डॉक्टर आर गोपीनाथ ने कहा है कि जिस तरह से अमेरिका में एक बाघिन में कोरोना वायरस के लक्षण पाए गए हैं उसके बाद एहतियातन जरूरी कदम उठाए जाने चाहिए जिससे जानवरों को वायरस के संक्रमण से सुरक्षित किया जा सके।
डॉक्टरों को भी इसकी आशंका सताने लगी है कि यह संक्रमण इंसान से जानवर में फैलने का खतरा है। लिहाजा इसी को ध्यान में रखते हुए सरकार ने तुरंत इसे रोकने के लिए एहतियाती कदम उठाए जाने की बात कही है।
इसके तहत इस तरह के पार्क, अभयारण्यों और टाइगर रिजर्व में तुरंत लोगों की आवाजाही पर रोक लगाने के निर्देश दिए गए हैं। इसके अलावा पशु चिकित्सकों के साथ फील्ड मैनेजर और फ्रंटलाइन स्टाफ की एक टास्क फोर्स का गठन भी किया जाएगा। वहीं 24 घंटे निगरानी के साथ एक रिपोर्टिंग मेकैनिज्म भी तैयार किया जाएगा। साथ ही वन्य प्राणियों की आपात चिकित्सा के लिए जरूरी सुविधाओं की व्यवस्था भी की जाएगी।
कहा गया है कि वह दिशानिर्देशों का पालन करते हुए सभी तरह के कदम उठाने के बाद मंत्रालय को इसका पूरा ब्योरा दें। आईवीआरआई निदेशक डॉक्टर आरके सिंह ने बताया कि इस संबंध में सभी को निर्देशित कर दिया गया है। सभी निर्देशों का पालन किया जाएगा।