बरेली के प्रेमनगर इलाके की गुलमोहर पार्क कॉलोनी में बुधवार रात करीब दस बजे सेंट्रल बैंक के रीजनल ऑफिस की कैशियर रूपा सत्संगी और उनके दिव्यांग पति नीरज सत्संगी की मूसल से सिर कुचलकर हत्या कर दी गई।
विज्ञापन
सत्संगी दंपती की चीखें सुनकर पड़ोसियों ने पुलिस को फोन किया लेकिन पुलिस जब तक पहुंची तब तक हत्यारे भाग गए। घर में रूपा की लहूलुहान लाश पड़ी हुई थी। नीरज अचेत थे जिन्होंने अस्पताल में दम तोड़ दिया।
पुलिस की प्रारंभिक छानबीन में हत्या का कारण साफ नहीं हो पाया है। एसएसपी की निगरानी में साक्ष्य इकट्ठे किए गए लेकिन कोई महत्वपूर्ण सुराग नहीं मिल पाया। गुलमोहर पार्क में रहने वाले नीरज सत्संगी (60) दिव्यांग थे।
विज्ञापन
उनकी पत्नी रूपा सत्संगी (58) सेंट्रल बैंक के रीजनल ऑफिस में कैशियर पद पर कार्यरत थीं। रूपा शाम आठ बजे ऑफिस से लौटी थीं। कुछ देर बाहर खड़ी पड़ोसन से बात कर वह अंदर चली गईं।
रात दस बजे पड़ोस में रहने वाले अमिताभ कपूर और उनकी पत्नी नीरू ने रूपा की चीखें सुनीं तो दोनों घबरा गए। उन्होंने गुड़गांव में जॉब कर रहे रूपा के इंजीनियर बेटे जितिन को फोन करके इस बारे में सूचना दी। जितिन के साथ इन लोगों ने भी रूपा के नंबर पर भी कॉल की पर फोन रिसीव नहीं हुआ।
यूपी 100 को कॉल करने के बाद अमिताभ ने कॉलोनी के कुछ और लोगों को इकट्ठा किया और फिर घर से बाहर निकले तो रूपा सत्संगी के घर का मेन गेट खुला पड़ा था। कॉलोनी के लोग अंदर पहुंचे तो बेडरूम में रूपा का शव जमीन पर पड़ा था। बराबर में ही नीरज लहूलुहान पड़े थे। यहां लोहे का एक मूसल पड़ा था।
इसी मूसल से नीरज और रूपा की सिर कुचलकर हत्या की गई थी। इसी बीच पुलिस भी आ गई। लोगों ने नीरज को एक निजी अस्पताल पहुंचाया लेकिन कुछ ही देर बाद उनकी भी मौत हो गई। एसएसपी ने बताया कि घर का सामान व्यवस्थित है, इसलिए लूट की खातिर हत्या का मामला नहीं लग रहा। जल्दी ही हत्यारे पकड़ लिए जाएंगे।