बरेली। यूपी बैंक इंपलाइज यूनियन ने बैंकों के विलय के विरोध में आंदोलन की घोषणा की है। यूनियन के अध्यक्ष अरविंद रस्तोगी ने बताया कि सरकार के इस निर्णय के विरोध में 30 सितंबर को बैंक कर्मी काला फीता बांधकर विरोध करेंगे। चार अक्तूबर को इलाहाबाद बैंक सिविल लाइंस पर धरना प्रदर्शन होगा। 21 अक्तूबर को सिविल लाइंस में यूको बैंक शाखा में और 22 अक्तूबर को ओरियंटल बैंक शाखा सिविल लाइंस में धरना दिया जाएगा। यूनियन के नेता संजीव मेहरोत्रा ने कहा कि बैंकों के विलय करने की सरकार की नीति के दुष्प्रभाव झेलने होंगे। इस निर्णय से बैंक कर्मचारी भी मायूस हैं। जिला मंत्री दिनेश सक्सेना ने बैंक कर्मचारियों से इस लड़ाई में बढ़ चढ़कर हिस्सा लेने का आग्रह किया।
पीडब्ल्यूडी कर्मचारी करेंगे आंदोलन
बरेली। पीडब्ल्यूडी नियमित वर्क चार्ज कर्मचारी संघ कर्मचारियों की विभिन्न मांगों को लेकर 30 सितंबर को आंदोलन की रणनीति तैयार करेगा। इसके लिए संघ ने विभाग के फील्ड कर्मचारियों की बैठक बुलाई है। जिलाध्यक्ष राज बाबू ने बताया कि बैठक में फील्ड के करीब चार सौ कर्मचारी शामिल होंगे। इस मौके पर सत्यप्रकाश शर्मा, रोहित साहू, राजेश कुमार, उमाशंकर, भूपाल सिंह, धीरेंद्र शुक्ला, जयदेव सहित कई कर्मचारी मौजूद रहे।