बरेली। रुहेलखंड विश्वविद्यालय के बीएएमएस पहले, दूसरे, तीसरे व चौथे वर्ष की विशेष पूरक परीक्षाओं के लिए फॉर्म शनिवार से भरे जाएंगे। विद्यार्थी www.mjpru.ac.in/ onlineexaminationform पर 15 अक्तूबर तक आवेदन कर सकेंगे।
परीक्षा नियंत्रक संजीव कुमार के अनुसार बीएएमएस सत्र 2016-17 व 2017-18 की परीक्षा में शामिल व निर्धारित सात अवसर प्राप्त होने के बाद भी अनुत्तीर्ण विद्यार्थियों को पाठ्यक्रम पूर्ण करने के लिए याचना के रूप में अंतिम अवसर दिया गया है। विशेष पूरक परीक्षा के फॉर्म 28 सितंबर से विवि की वेबसाइट पर उपलब्ध होंगे। विद्यार्थी 15 अक्तूबर तक फॉर्म भरकर शुल्क जमा कर सकते हैं। आवेदन पत्र जमा करने व कॉलेज की ओर से इसे ऑनलाइन स्वीकृत करने की अंतिम तिथि 17 अक्तूबर निर्धारित की गई है।
बरेली। रुहेलखंड विश्वविद्यालय की ओर से बीएससी ऑनर्स दूसरे वर्ष की बैक परीक्षाओं का परिवर्तित शेड्यूल जारी किया गया है। चार अक्तूबर से शुरू होने वाली परीक्षा 15 अक्तूबर तक कराई जाएगी। परीक्षा नियंत्रक संजीव कुमार के अनुसार स्नातक व परास्नातक (वार्षिक प्रोफेश्नल) की सुधार परीक्षा की बदली हुई समय सारिणी जारी की गई है। परीक्षा दूसरी पाली में दोपहर 12 से अपराह्न तीन बजे तक होगी। संवाद
रुहेलखंड विश्वविद्यालय की ओर से बीयूएमएस अंतिम वर्ष की उत्तर पुस्तिकाओं के चुनौती मूल्यांकन के आवेदन की तिथि जारी कर दी गई है। विद्यार्थी शनिवार से तीन अक्तूबर तक 2500 रुपये शुल्क के साथ ऑनलाइन फॉर्म भर सकेंगे।
परीक्षा नियंत्रक संजीव कुमार के अनुसार बीयूएमएस अंतिम वर्ष की उत्तरपुस्तिकाओं के मूल्यांकन से असंतुष्ट विद्यार्थियों को चुनौती मूल्यांकन में दूसरे चरण के आवेदन का अवसर दिया जा रहा है। इसके लिए 28 सितंबर से ऑनलाइन आवेदन शुरू होंगे। फॉर्म भरने व शुल्क जमा करने की अंतिम तिथि तीन अक्तूबर है। इसमें विद्यार्थियों को 2500 रुपये प्रति प्रश्नपत्र ऑनलाइन जमा करना होगा। औसत और मूल प्राप्तांकों में 20 प्रतिशत से अधिक का अंतर होने पर परीक्षार्थी की ओर से जमा किए गए शुल्क में से एक हजार रुपये काटकर शेष रकम उसे वापस कर दी जाएगी।