तीन शस्त्रों के लाइसेंस धारकों को एक लाइसेंस कराना है निरस्त
एडीएम सिटी के निर्देश पर सभी थानों में तैयार हो रही तीन लाइसेंस धारकों की सूची
बरेली। जिनके पास तीन असलहों के लाइसेंस हैं, उन्हें एक लाइसेंस निरस्त कराना होगा। अधिकतम दो असलहों के लाइसेंस ही रखने का आदेश है। इसके बावजूद जिले में कई ‘बाहुबली’ अपना एक लाइसेंस निरस्त नहीं करा रहे हैं। प्रकरण की जानकारी पर एडीएम सिटी आरडी पांडेय ने सभी थाना प्रभारियों को इनकी सूची तैयार करने के निर्देश दिए हैं। अंतिम चेतावनी देने पर भी सामने नहीं आए तो रिपोर्ट दर्ज कर जेल भेजा जाएगा।
जिला प्रशासन से प्राप्त जानकारी के अनुसार जिले में करीब नौ सौ लोगों के पास तीन-तीन लाइसेंसी असलहा हैं। दो साल पहले जारी शासनादेश के तहत एक व्यक्ति अधिकतम दो शस्त्र ही रख सकता है। कोरोना की पहली लहर के बाद अक्तूबर, 2020 में जिला प्रशासन ने यह आदेश लागू किया मगर कुछ ही लाइसेंस धारकों ने इस पर अमल किया। अब प्रशासन ने नोटिस जारी कर एक लाइसेंस निरस्त कराकर हथियार जमा कराने को कहा है। इसके लिए सभी थानों से ऐसे लोगों की सूची तैयार कराई जा रही है, जो एक लाइसेंस निरस्त कराने से बच रहे हैं।
एडीएम सिटी आरडी पांडेय के मुताबिक नई गाइडलाइन के तहत एक व्यक्ति अधिकतम दो लाइसेंसी असलहा ही रख सकता है। किसी के पास तीन लाइसेंसी असलहा हैं तो उसे एक असलहा जमा करके उसका लाइसेंस निरस्त कराना होगा। जानकारी के अनुसार कई सरकारी कर्मचारी जिनके तबादले हो चुके हैं, वे भी एक लाइसेंस निरस्त नहीं करा रहे हैं।