बरेली। बदायूं थाना दातागंज के गांव सैजनी स्थित हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉरपोरेशन लिमिटेड के एथनॉल प्लांट में उपमहाप्रबंधक सुधीर गुप्ता और सहायक मुख्य प्रबंधक हर्षित मिश्रा की हत्या का आरोपी अजय प्रताप सिंह के तहेरे भाई अभय प्रताप सिंह ने आंवला के इस्माइलपुर में प्रस्तावित एथनॉल प्लांट में भी अड़ंगा लगाया था। सितंबर 2023 में यहां काम में लगे इंजीनियरों का अपहरण करने के बाद रंगदारी वसूली थी। दोनों एक नेता के करीबी थे। मामले में एक मंत्री के हस्तक्षेप के बाद बिशारतगंज थाना पुलिस ने अभय प्रताप सिंह और उसके साथी आशीष राठौर के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी। दोनों आरोपियों को जेल भी भेजा गया था। मामला कोर्ट में विचाराधीन है।
बिजनौर के अलावलपुर निवासी कुनाल जिंदल ने सितंबर 2023 में मुख्यमंत्री समेत उच्च अधिकारियों से शिकायत की थी। उन्होंने बताया था कि उनकी कंपनी एसएनजे बायो प्रोडक्ट प्राइवेट लिमिटेड आंवला तहसील के गांव इस्माइलपुर में एथनॉल प्लांट लगा रही है। इस प्लांट की क्षमता 75 किलो लीटर प्रतिदिन की है। गांव में गाटा संख्या 253 पर यह प्लांट लगाया जा रहा है। कुछ लोग रंगदारी मांग रहे हैं और प्लांट की स्थापना में रोड़ा बन रहे हैं। दो सितंबर 2023 को अभय प्रताप सिंह और आशीष राठौर अपने कई अन्य साथियों के साथ असलह लेकर प्लांट पर आए। यहां काम कर रहे कर्मचारियों को धमकाया। तीन सितंबर को फिर से आरोपी प्लांट पर आए और दो इंजीनियरों का अपहरण कर गाड़ी में डालकर ले गए।
कुनाल का आरोप था कि बार-बार शिकायत के बाद भी प्लांट स्थापना में बाधा बन रहे आरोपियों के खिलाफ पुलिस कार्रवाई नहीं कर रही। आरोपियों से उनको और उनकी कंपनी के कर्मचारियों को जान का खतरा है। इस मामले में एक मंत्री के हस्तक्षेप के बाद चार सितंबर 2023 को बिशारतगंज पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज की थी। दोनों आरोपियों को जेल भी भेजा गया। विवेचना के दौरान रंगदारी, अपहरण जैसी धाराओं में इजाफा भी किया गया। थानाध्यक्ष बिशारतगंज राजेश बाबू मिश्रा ने बताया कि इस मामले में चार्जशीट दाखिल हो चुकी है। मामला कोर्ट में विचाराधीन है। संवाद