भदोही की कालीन और पीलीभीत के मसालों के साथ यूपी ही नहीं बल्कि दूसरे सूबों के कई शहरों के मशहूर उत्पाद कुछ दिन तक शहर में ही उपलब्ध होंगे। दरअसल अर्बन हाट में बृहस्पतिवार को शुरू हुई ग्रामोद्योग प्रदर्शनी में दूर-दूर के शहरों के कारोबारी अपने उत्पाद लेकर पहुंचे हैं। यह प्रदर्शनी 30 दिसंबर तक चलेगी।
अर्बन हॉट में शुरू हुई इस प्रदर्शनी का मेयर डॉ. उमेश गौैतम ने उद्घाटन किया। प्रदर्शनी में बागपत की खादी, रामपुर की साड़ी व लेडीज सूट, अमरोहा की चादर, बेडशीट के साथ देसी जड़ी-बूटी से बनी दवाएं, शहद, अचार, मुरब्बा आदि की दुकानें भी उत्पादकों ने लगाई हैं। राजस्थान के विभिन्न क्षेत्रों में बनने वाले खादी व ग्रामोद्योग उत्पाद भी यहां बिकने आए हैं। प्रदर्शनी के उद्घाटन के मौके पर प्रभारी डीएम सत्येंद्र कुमार, सीएमओ विनीत कुमार, उद्यमी भारत भूषण शील आदि लोग भी मेयर के साथ थे। इस मौके पर मेयर ने खादी उत्पादों के प्रचार पर बल दिया।