जेल में बंद कैदी (प्रतीकात्मक)
- फोटो : demo pic
पावर कॉरपोरेशन ने बाबू को सस्पेंड कर दूसरे खंड से संबद्ध किया
बरेली। नगरीय विद्युत वितरण खंड-चार में तैनात एक्सईएन पर जानलेवा हमला करने वाले लिपिक राजीव नारायण तिवारी को बारादरी पुलिस ने शुक्रवार को जेल भेज दिया। पावर कॉरपोरेशन ने बाबू को सस्पेंड कर दूसरी डिवीजन से संबद्ध कर दिया है। घायल एक्सईएन को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है।
बृहस्पतिवार दोपहर करीब तीन बजे एक्सईएन अनिल कुमार गर्ग को उनके कार्यालय में लिपिक राजीव नारायण तिवारी ने पहले तो पेट्रोल डालकर जलाने की कोशिश की, बाद में चाकू मारकर घायल कर दिया था। एक्सईएन को बचाने में एसडीओ नकुल रावत भी जख्मी हो गए थे। एक्सईएन की तहरीर पर बृहस्पतिवार देर रात थाना बारादरी पुलिस ने रिपोर्ट दर्जकर आरोपी लिपिक को गिरफ्तार कर लिया था। शुक्रवार को उसे जेल भेज दिया गया। इस घटना पर अभियंता संघ ने गहरा रोष जताते हुए बाबू को बर्खास्त करने की मांग की है। इधर, विद्युत मजदूर संघ के प्रदेश अध्यक्ष राजेंद्र घिल्डियाल ने भी घटना की निंदा की है।
अपर महानिदेशक को दी घटना की जानकारी
अधीक्षण अभियंता तारिक जलील ने आरोपी लिपिक को निलंबित कर नगरीय विद्युत वितरण खंड तृतीय से संबद्ध कर दिया है। इधर, कर्मचारी नेताओं ने उसे जनपद से बाहर किसी खंड से संबद्ध करने को कहा है। उधर, पूरा प्रकरण विभागीय अपर महानिदेशक विजिलेंस कमल सक्सेना तक पहुंच गया है। हमले में जख्मी एक्सईएन अनिल गर्ग को निजी अस्पताल सेे छुट्टी दे दी गई है। वह अब घर से काम कर रहे हैं।